जौनपुर। अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय की अदालत में मंगलवार को महालक्ष्मी ज्वेलर्स डकैती कांड के मुख्य आरोपी सतीश सिंह निवासी मडि़याहूं ने अदालत में समर्पण कर दिया।
पूर्व की तिथि पर कोर्ट में अनुपस्थित न रहने पर उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। वह कोर्ट में न्यायिक अभिरक्षा में लिए जाने का प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट ने प्रार्थना पत्र को संज्ञान में लेते हुए उसे जेल भेज दिया। पूर्व में वह इसी मामले में समर्पण कर जेल गया था। बाद में जमानत हुई थी। पुलिस अधीक्षक जौनपुर के कार्यालय के ठीक पीछे महालक्ष्मी ज्वेलर्स में 31 अक्टूबर 2019 की रात हेलमेट लगाए हुए छह बदमाश हाथ में पिस्तौल लहराते हुए दुकान में घुसे और एक करोड़ रुपये से अधिक के आभूषण एवं रुपये लूट ले गए। प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर सुरेश सेठ ने घटना की एफआईआर लाइन बाजार थाने में दूसरे दिन दर्ज कराई थी। तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रविशंकर छवि ने 15 नवंबर 2019 को दो आरोपी की गिरफ्तारी के बाद डकैती का खुलासा किया था। मामले में सतीश सिंह के अलावा पूर्व ब्लाक प्रमुख विनय सिंह समेत आठ आरोपियों के नाम को पुलिस ने उजागर किया। बाद में पुलिस ने विवेचना कर सतीश सिंह, शिवम सिंह, हरिओम, बृजेंद्र सिंह, ऋषभ सिंह, तपन दत्त मिश्रा, विनोद यादव और पुत्तन गिरी के विरुद्ध केस डायरी कोर्ट में प्रस्तुत किया। इसमें से 5 आरोपियों की पत्रावली विचरण के लिए अपर सत्र न्यायाधीश की कोर्ट में प्रेषित की गई।