जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय में स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने की पहल तेज कर दी है। सभागार में विभिन्न संकायों के अध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर विद्यार्थियों को स्टार्टअप के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। कुलपति ने कहा कि प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की सोच है कि विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी अपने नवाचार और नए विचारों के साथ स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे आएं। इसी सोच को साकार करने के लिए विश्वविद्यालय के प्रत्येक संकाय में स्टार्टअप संस्कृति विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग के शिक्षक अपने विद्यार्थियों को नए विचारों और उद्यमिता के लिए प्रेरित करें। विद्यार्थियों के बीच से ऐसे स्टार्टअप तैयार किए जाएं, जो छोटे प्रयासों से शुरू होकर भविष्य में बड़े उद्यम का रूप ले सकें। वर्तमान समय में नवाचार और नई सोच को प्रोत्साहित करना बेहद आवश्यक है। इसकी शुरुआत शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर कर सकते हैं। कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों के पास अनेक रचनात्मक विचार और संभावनाएं होती हैं। आवश्यकता है कि उन विचारों को पहचान कर उन्हें व्यावहारिक स्वरूप देने के लिए उचित मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाए। विद्यार्थियों के स्टार्टअप आइडिया सामने लाएं और उन्हें विकसित करने की दिशा में सामूहिक प्रयास करें। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों के विचारों को आकार देने में मार्गदर्शक की भूमिका निभाएं। विश्वविद्यालय का प्रयास होना चाहिए कि विद्यार्थियों के विचार केवल कल्पना तक सीमित न रहें, बल्कि आगे चलकर उपयोगी उत्पादों, सेवाओं और सफल उद्यमों का रूप लें। इस दौरान कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, वित्त अधिकारी विनोद कुमार, प्रो. मानस पांडेय, प्रो. अविनाश, प्रो. मनोज मिश्रा, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. सौरभ पाल, प्रो. राजकुमार, प्रो. विनोद कुमार, प्रो. एके श्रीवास्तव समेत विभागों के अध्यक्ष एवं एआर सरला यादव मौजूद रहीं।