खुटहन। वीरमपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परसादपुर में शुक्रवार की रात चोरों ने किचन रूम का ताला चटकाकर करीब 60 किलो राशन समेत एमडीएम के बर्तन, बच्चों की थाली और ग्लास उठा ले गए। प्रभारी प्रधानाध्यापक अखिलेश कुमार ने बताया कि चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। थाना प्रभारी विक्रम लक्ष्मण सिंह नेे बताया मामले की छानबीन की जा रही है।
सेंध लगाकर घर में घुसे चोर
मछलीशहर। कोतवाली क्षेत्र के सहिजदपुर गांव में शुक्रवार की रात चोर पक्के मकान की बाहरी दीवार में सेंध लगाकर नकदी और आभूषण ले गए। लालजी गौतम ने बताया कि रात में वह परिवार के सदस्यों के साथ एक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान चोर दूसरे कमरे की बाहरी दीवार की ईंट तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखा सोने का हार, चांदी के छागल, पायल, करधन और 75 हजार रुपये उठा ले गए। सुबह करीब पांच बजे सोकर उठने पर दूसरे कमरे में सामान बिखरा देख चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि पीड़ित ने चोरी की सूचना दी है। मामले की जांच की जा रही है।