डोभी। हरधन मझिली गांव में शुक्रवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का 22वां स्थापना दिवस मनाया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि 70 सालों से अति पिछड़ों के साथ अन्याय होता चला आ रहा है। उनके हक को छीना गया है। अब वक्त आ गया है पिछड़ों के साथ न्याय होने का। जल्द ही पूरे देश में अति पिछड़ों के लिए आरक्षण लागू किया जाएगा। इसके लिए प्रधानमंत्री के साथ बैठक में सहमति बन गई है।
कहा कि सपा ने अन्य दलों से आठ बार गठबंधन किया और अपने स्वार्थ में तोड़ा, लेकिन वह दलबदलू नहीं है। हम अति पिछड़ों की भलाई के लिए गठबंधन करते हैं तो स्वार्थी तत्व दलबदलू कहते हैं। कहा कि मेरे सहयोग से सपा की 100 सीट पार कर गई। इस बार पता चल जाएगा। सपा गठबंधन करके तोड़ना जानती है गठबंधन धर्म निभाना नहीं। अति पिछड़ों की भलाई के कुछ भी करना होगा करूंगा। राजभर ने कहा कि पार्टी के विस्तार के लिए बिहार में अति पिछड़ों को जगाने का कार्य कर रहा हूं। 76 सालों में बिहार में एक भी राजभर एमएलए नहीं बन पाया, जबकि बिहार में राजभरों की संख्या ज्यादा है। इस दौरान प्रो. जेपी सिंह, पूर्व प्रमुख अरविंद सिंह, जितेंद्र राजभर ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बृजभान राजभर व संचालन चंदन राजभर ने किया। इस मौके पर बजरंगी राजभर,पांचू राजभर, शिवशंकर राजभर, रमेश राजभर समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।