जौनपुर: पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने दिया अंतिम मौका, 10 अक्तूबर तक पूरी कर लें प्रवेश प्रक्रिया
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने जौनपुर और गाजीपुर के संबद्ध महाविद्यालयों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया 10 अक्तूबर तक पूरी करने का निर्देश दिया है। स्नातक और परास्नातक में प्रवेश से वंचित छात्र समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण, प्रोग्राम चयन और प्रवेश ग्रांट की प्रक्रिया पूरी कर लें। निर्धारित तिथि के बाद पोर्टल बंद हो जाएगा और छात्रों को दूसरा मौका नहीं मिलेगा।
विस्तार
जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (पूविवि) ने जौनपुर और गाजीपुर जिले के संबद्ध महाविद्यालयों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया 10 अक्तूबर तक पूरी करने का निर्देश दिया है। निर्धारित तिथि के बाद समर्थ पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी छात्र को प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का अवसर नहीं मिलेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश से वंचित छात्र-छात्राओं को अंतिम मौका दिया है। महाविद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे छात्रों का समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण, प्रोग्राम चयन और प्रवेश ग्रांट समेत प्रवेश से संबंधित सभी प्रक्रियाएं तय समयसीमा में पूरी करा लें।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराकर पठन-पाठन शुरू हो चुका है। हालांकि, कुछ छात्र-छात्राएं अपरिहार्य कारणों से पोर्टल पर पंजीकरण, प्रोग्राम चयन और प्रवेश ग्रांट की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके हैं।
ऐसे छात्र प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह सकते हैं। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें अंतिम अवसर दिया है।
10 अक्तूबर के बाद नहीं मिलेगा मौका
विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित तिथि तक प्रवेश प्रक्रिया हर हाल में पूरी करा लें। 10 अक्तूबर के बाद समर्थ पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और प्रवेश से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के लिए कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा।