शाहगंज। आबादी और विद्यालय के पास संचालित शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने तहसील परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। एसडीएम अंकुर वर्मा को ज्ञापन सौंपकर दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित कराने की मांग की।
गांव निवासी रेखा का आरोप है कि दुकान पर शाम होते ही लोगों की भीड़ जुटने लगती है। कुछ लोग शराब पीकर गाली-गलौज और हंगामा करते हैं। इससे आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। विद्यालय के नजदीक दुकान होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई। इंद्र कला का कहना है कि शराब की दुकान के आसपास होने वाली गतिविधियों से गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है। महिलाओं और बच्चों को वहां से गुजरने में असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने तहसील परिसर में नारेबाजी कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने और दुकान को आबादी व विद्यालय से दूर स्थानांतरित कराने की मांग की। उपजिलाधिकारी अंकुर वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर प्रधान पति मनोज पासवान, प्रदीप कुमार, शिवपूजन, मनोज वर्मा,आनंद पांडेय, ज्ञानमती, बबिता, कविता, गीता मंजू कोमल, सरिता, रीता, लक्ष्मीना, भानमती, उर्मिला, मनीषा, सरिता आदि उपस्थित रहीं।