Jaunpur News: श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर थाने में कार्यक्रम, फिल्मी गाने पर हुआ डांस, थानाध्यक्ष निलंबित
Jaunpur News: जौनपुर जिले में जन्माष्टमी पर थाने में कार्यक्रम के दौरान फिल्मी गाने पर डांस किया गया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विस्तार
थाना बदलापुर के सूत्रों के मुताबिक श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जहां एक तरफ जिले के विभिन्न थानों पर झांकी डांस व गायकों द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति की गई, वहीं बदलापुर कोतवाली में फिल्मी गाने पर डांस हुआ।
थाना सूत्रों का कहना है कि जैसे ही थाना प्रभारी बदलापुर अरविंद कुमार पांडेय पूजा पाठ के लिए तैयार होने गए, उसी समय स्टेज के सामने सिविल ड्रेस में मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों द्वारा भोजपुरी गीत की फर्माइश की गई।
स्टेज पर डांस कर रही नर्तकियों ने भोजपुरी गाने पर तो नहीं लेकिन आम तौर पर आर्केस्ट्रा में बजाए जाने वाले फिल्मी गाने मुझे नौ लक्खा मंगा दे पर डांस किया। स्टेज के सामने बैठे लोग भी इस गाने पर झूमने लगे। इसी बीच उसी भीड़ में बैठे किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया और रविवार को दोपहर में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो को संज्ञान में लेते ही तत्काल प्रभाव से एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने थाना प्रभारी बदलापुर अरविंद कुमार पांडेय को लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया। सूत्रों ने बताया कि इस झांकी की बुकिंग कारखास सिपाही की ओर से की गई थी।
एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि वीडियो को संज्ञान में लेते ही पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी अरविंद कुमार पांडे को निलंबित कर दिया है। उनकी जांच बैठा दी गई है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।