मीरगंज। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के बैनर तले शुक्रवार को जंघई बस स्टॉप परिसर में किसान मजदूर महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में किसानों, मजदूरों और गरीबों से जुड़ी समस्याओं को लेकर हुंकार भरी। मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्री मांग-पत्र तहसीलदार मछलीशहर दिनेश कुमार को सौंपा। महापंचायत की अध्यक्षता भाकियू प्रदेश सचिव राजनाथ यादव और संचालन वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अक्षैबर नाथ पटेल ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह मौजूद रहे। भाकियू नेताओं ने प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में सात प्रमुख मांगों को रखा। ज्ञापन में मांग की गई कि जिले में किसानों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने, किसानों के केसीसी ऋण माफ करने, खरीफ बोआई के मद्देनजर केंद्रों पर डीएपी खाद व गुणवत्तापूर्ण बीज की किल्लत दूर करने, सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की पर्याप्त तैनाती कर संविलियन के नाम पर बंद प्राथमिक विद्यालयों को पुनः चालू करने, सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों, दवाओं व उपकरणों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी की मांग उठाई। इस दौरान युवा जिला अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, धर्मराज पटेल, रमीज नकवी, राकेश चंद्र मौर्य, रामसूरत पटेल, अखिलेश पटेल, अमित मौर्य, राजकुमार, पूनम पाल, रीना राय मौजूद रहीं।