जौनपुर: साली की शादी से लौट रहे युवक की सिर कूंचकर हत्या, सड़क किनारे मिली बाइक
मृतक की मोबाइल और पर्स घटना के बाद से गायब हैं। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
विस्तार
जौनपुर में जलालपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोचन महादेव बाजार से पांच सौ मीटर दूर शराब के ठेके के पास साली की शादी से लौट रहे जीजा की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार की रात करीब दस बजे की है। पुलिस ने रात 12 बजे शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया।
भदोही जनपद के चौरी थाना क्षेत्र के पचपटिया गांव निवासी गिरजा शंकर सिंह (31) की ससुराल आजमगढ़ जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र में बहादुरपुर में थी। जहां उनकी साली की शादी ओईना थाना जलालपुर में तय थी। शुक्रवार को दिन में लड़की और लड़के पक्ष के लोग त्रिलोचन महादेव पहुंचे। जहां शाम सात बजे तक शादी संपन्न हुई।
मृतक के बड़े भाई भवानी शंकर सिंह के मुताबिक शादी संपन्न होने के बाद बाइक से गिरजा शंकर सिंह लहंगपुर के रास्ते अपने घर जाने के लिए निकले। रास्ते में लहंगपुर गांव स्थित शराब ठेके के सामने रात करीब दस बजे अंडा बेचने वाले जितेंद्र कुमार गौतम उर्फ जीतू और सुजीत कुमार प्रजापति निवासीगण आईना थाना जलालपुर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि दोनों ने ईंट व पत्थर से सिर कूंचकर उसकी हत्या कर दी। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि विवाद का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं, मृतक की मोबाइल और पर्स घटना के बाद से गायब हैं। उसकी बाइक सड़क पर लावारिस हालत में मिली है जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। साथ ही नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।