शाहगंज। कस्बे की पुरानी सब्जी मंडी स्थित नगरपालिका परिसर के बाहर की पुरानी दुकानों को नगरपालिका ने ढहा दिया। पालिका यहां नए सिरे से दो मंजिला कॉम्प्लेक्स बनाएगी। इसमें पुराने किरायेदारों के अलावा नए लोगों को दुकानें आवंटित होंगी। तोड़फोड़ के दौरान कुछ किरायेदारों ने बाधा डालने की कोशिश की। इसके खिलाफ जेई ने पुलिस को तहरीर दी है। फिलहाल दुकानें टूटने के बाद किराएदारों के सामने रोजीरोटी का संकट खड़ा हो गया है।
पुरानी सब्जी मंडी में नगरपालिका परिषद की कई दुकानें पालिका ने किराए पर दे रखी थी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत इन दुकानों को तोड़कर फिर से दो मंजिला निर्माण होना है। उन दुकानों का दोबारा आवंटन होगा। पुराने किरायेदारों को नीचे दुकान मिलेंगी, जबकि ऊपरी मंजिल की दुकानें नए किरायेदारों को आवंटित होगी। इस कड़ी में महीने भर पहले कुछ दुकानें तोड़ी भी गई थीं। शुक्रवार को एक बार फिर नायब तहसीलदार अमित कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार, प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्या और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी के नेतृत्व में प्रशासन ने बची दुकानों को खाली कराया और जेसीबी के जरिए गिरवा दिया। जिनकी दुकानें खाली नहीं थीं, उन्हें कुछ घंटे की मोहलत भी दी गई। इस दौरान कुछ लोगों ने बाधा पहुंचाने की कोशिश की। उनके खिलाफ जेई धर्मेंद्र कुमार साह ने कोतवाली में तहरीर दी है। अधिशासी अभियंता प्रदीप गिरी ने बताया कि यह कार्य 31 जनवरी तक हो जाना था लेकिन तमाम कारणों से देरी हुई। अधिकतम डेढ़ महीने के भीतर दुकानें बनवाकर लोगों को आवंटित कर दी जाएंगी। फिलहाल दुकानों के गिराए जाने के बाद दुकानदारों के सामने रोजीरोटी का संकट खड़ा हो गया है।