कोतवाली क्षेत्र के मरखापुर गांव में शनिवार को देर शाम एक विवाहिता ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। घटना की खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस देवर के खिलाफ छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है।
मरखापुर निवासी अनिल चौहान की पत्नी साधना (22) ने शनिवार को देर शाम घर में कपड़ा सूखने के लिए लगाए गए बांस में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका के भाई सुजानगंज थाना क्षेत्र के भैसहारामपुर निवासी अंकित सिंह पुत्र राम सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर देवर पर आरोप लगाया। तहरीर में मृतका का भाई ने कहा है कि अपनी बहन की शादी मई 2021 में अनिल चौहान पुत्र रामसमुझ चौहान निवासी मरखापुर थाना बदलापुर के साथ धूमधाम से की थी। उनके जीजा हैदराबाद में काम करते हैं। बहन कभी सास-ससुर व पति की शिकायत नहीं करती थी। तहरीर में यह भी कहा गया है कि 27 नवंबर को बहन ने जीजा के पास फोन करके कहा कि देवर सुनील उसके साथ छेड़छाड़ करता है। मृतक के भाई अंकित ने आरोप लगाया है कि जब वह अपनी बहन के ससुराल पहुंचा तो वह फंदे पर लटकी मिली। थानाध्यक्ष वर्मा ने बताया कि मृतका के देवर सुनील के खिलाफ छेड़छाड़ व आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।