शाहगंज। लंबित मांगों को लेकर शनिवार को लेखपाल संघ ने प्रदर्शन कर मुख्य सचिव को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन एसडीएम अंकुर वर्मा को सौंपा। संघ अध्यक्ष विकास सिंह और मंत्री विवेक सिंह के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में अंतरमंडलीय स्थानांतरण, पदोन्नति सूची जारी करने, विभागीय परीक्षा का परिणाम घोषित करने और भत्तों में बढ़ोतरी की मांग की गई।
लेखपालों ने भूलेख कार्यालयों व अन्य पटलों से संबद्ध लेखपालों को मूल कार्य पर वापस भेजने, ग्राम सचिवालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, 2800 ग्रेड पे, वेतन विसंगति दूर करने, पद को तकनीकी घोषित करने तथा लैपटॉप व मोबाइल देने की मांग भी उठाई। संघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई न होने पर 22 सितंबर से अतिरिक्त हल्कों के कार्य का बहिष्कार कर बस्ते तहसील या राजस्व निरीक्षक कार्यालय में जमा किए जाएंगे। इसके बाद ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार की भी चेतावनी दी गई।