ब्लाक प्रमुख पद का चुनाव काफी रोचक हो गया है। इस पद को दो चर्चित परिवार अपनी प्रतिष्ठा बनाकर चुनाव मैदान में हैं। इनमें केराकत से भाजपा विधायक दिनेश चौधरी की भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी हैं, जिनकी भयोहू इस बार चुनाव लड़ रही हैं।
जलालपुर ब्लॉक प्रमुख का पद अनुसूचित वर्ग के लिए आरक्षित है। जहां 85 क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्दल प्रत्याशी बदामा देवी और भाजपा प्रत्याशी कमलेश कुमारी के भाग्य का फैसला 10 जुलाई को करेंगे। बदामा देवी, बेदी राम की पत्नी हैं, जिनका नाम कई बार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने के बाद सुर्खियों में आ चुका है। हालांकि उनका दावा है कि हर बार सीबीआई जांच में उन्हें बरी किया गया है। वहीं, कमलेश कुमारी अपने ससुर और पूर्व प्रमुख बाबू बैजनाथ कन्नौजिया की विरासत को संभालने की कोशिश में लगी हैं। वह केराकत विधायक दिनेश चौधरी की भयोहू हैं। जबकि इसके पहले वह साल 2010 में कुत्तीपुर वार्ड से जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। इनकी जेठानी शारदा दिनेश चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। वहीं, ससुर बाबू बैजनाथ कन्नौजिया जलालपुर ब्लाक से ही साल 1995 में ब्लाक प्रमुख रह चुके हैं। जिसे पुन: हासिल करने के लिए पूरा परिवार लगा है। वहीं, बादामा देवी 2010 में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुकी हैं। वह उस समय 9 हजार मत पाकर दूसरे स्थान पर थीं। लेकिन ,इस बार दो वार्ड पूरेव और रेहटी से क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनी गई हैं।