Techie Suicide: बेटे को देखने के लिए तरसते थे अतुल, भाई से आखिरी बार कही थी ये बात; रुला देगी कहानी
Karnataka Techie Suicide News: बंगलूरू में एआई इंजीनियर अतुल सुभाष ने खुदकुशी से पहले अपने पिता और भाई से फोन पर बातचीत की थी। आइए जानते हैं कि अतुल ने आखिरी बार अपने घरवालों से क्या कहा...
विस्तार
इंजीनियर अतुल सुभाष ने आत्महत्या करने से पहले रविवार की रात करीब नौ बजे अपने पिता से मोबाइल फोन पर डेढ़ घंटे बात की थी। वह सामान्य तरह से पिता का हालचाल पूछ रहे थे। परिवार की कुशलक्षेम पूछी। पिता ने हालचाल पूछा तो सबकुछ अच्छा बताया। इससे तीन घंटे पहले भाई से बात की तो उससे कहा हमेशा खुश रहना। किसी को अंदेशा नहीं था कि अतुल इतना बड़ा कदम उठा लेंगे।
'शादी क्या होती है और उसे क्या बना दिया गया, ये अतुल ने बताया'
अतुल सुभाष के छोटे भाई विकास ने बताया कि मेरा भाई कभी झूठ नहीं बोल सकता है। मैं, उसे बहुत अच्छी तरह से जानता हूं। उसने अपनी जान देकर दुनिया को सच बताया है। पूरे सिस्टम को आईना दिखाया है। शादी क्या होती है और उसे क्या बना दिया गया, ये बताया है उसने। उसका सुसाइड नोट पढ़िए, वीडियो देखिए, उसने एक-एक बात कही है।
हमने तो अपना भाई खो दिया
विकास ने कहा कि हमने तो अपना भाई खो दिया। वह अपने छोटे से बेटे से बात करने को तरसता था। उसे देखने के लिए वीडियो कॉल करता था, लेकिन उसे दिखाया ही नहीं जाता था। यह बात उसने कोर्ट में भी कही, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
अतुल ने भाई से कहा था- खुश रहा करो
विकास ने कहा कि मेरे भाई ने इस पूरे केस में सुप्रीम कोर्ट को भी पत्र लिखा है। मैंने रविवार की शाम फैमिली व्हाट्सअप ग्रुप में अपना एक फोटो डाला था। उसे देखकर उसने मुझे फोन किया था। कहा था कि अच्छे लग रहे हो, हमेशा ऐसे ही रहना और खुश रहा करो। यह मेरे भाई से मेरी अंतिम बातचीत थी।
मेरी मेहनत का पैसा मेरे दुश्मनों को मजबूत कर रहा, बेहतर है मैं ही न रहूं
अतुल ने सुसाइड नोट में लिखा, मेरी पत्नी और उसके परिवार वाले मुझे मेरे बेटे से नहीं मिलने देते। ये लोग मुझसे सिर्फ पैसे मांग रहे हैं। अब तक लाखों दे चुका हूं। मैं जितना अधिक मेहनत करूंगा और अपने काम में बेहतर होता जाऊंगा, उतना ही मुझे और मेरे परिवार को परेशान किया जाएगा। जबरन वसूली की जाएगी और पूरी कानूनी व्यवस्था मुझे परेशान करने वालों के साथ है। मेरे पैसे से मेरे दुश्मन मजबूत हो रहे हैं। मैं अपने वेतन पर जो टैक्स देता हूं, उससे पुलिस और कानूनी व्यवस्था मुझे और मेरे परिवार को परेशान करने में मदद कर रही है। अब, मेरे जाने के बाद, कोई पैसा नहीं होगा और मेरे बूढ़े माता-पिता और मेरे भाई को परेशान करने का कोई कारण नहीं होगा। मैंने भले ही अपने शरीर को नष्ट कर दिया हो, लेकिन इसने वह सब कुछ बचा लिया है जिस पर मैं विश्वास करता हूं।
सास कहती थी तुम्हारे बाद पिता से वसूलेंगे पैसे... छोड़ेंगे नहीं
अतुल ने सास निशा सिंहानिया के साथ बातचीत का एक किस्सा भी साझा किया। अतुल के मुताबिक उनकी सास ने पूछा कि अभी तक आत्महत्या क्यों नहीं की। जब अतुल ने जवाब दिया कि अगर वह मर गया तो उन्हें पैसे कैसे मिलेंगे, तो सास बोलीं तुम्हारे पिता पैसे देंगे। तुम्हारे बाद तुम्हारे माता-पिता मर जाएंगे, और तुम्हारी पत्नी को पैसे मिलेंगे।
मस्क और ट्रंप को टैग किया सुसाइड नोट व वीडियो
अतुल सुभाष ने खुदकुशी से पहले सोशल मीडिया पर वीडियो का लिंक शेयर किया और एलन मस्क व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को टैग किया। उन्होंने पोस्ट में कहा, जब आप इसे पढ़ेंगे, तब तक मैं मर चुका होऊंगा। भारत में इस समय पुरुषों का कानूनी नरसंहार हो रहा है। एक मरा हुआ आदमी एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप से अनुरोध कर रहा है कि वे भारत में जागृत विचारधाराओं, डीईआई से लाखों लोगों की जान बचाएं और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बहाल करें।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.