जौनपुर। कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान राज्यमंत्री बलदेव सिंह ओलख ने अमृत योजना के तहत शहर में खोदी गई सड़कों को शीघ्र बनाए जाने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को कोई समस्या न हो। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत कार्यों की गुणवत्ता को समिति बनाकर जांच कराने का भी निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को कृषि राज्यमंत्री मंत्री की अध्यक्षता और राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव की उपस्थिति में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। कर करेत्तर एवं राजस्व वादों के निस्तारण के संबंध में चकबंदी एवं अन्य वाद जो 5 वर्ष पूर्व से लंबित हैं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया। उन्होंने वरासत मामले का अभियान चलाकर निस्तारण कराने का निर्देश दिया। मंत्री ने नहरों के सिल्ट सफाई का कार्य कराते समय जनप्रतिनिधियों को सूचित कराने को कहा। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि नहरों की सिल्ट सफाई के समय जनप्रतिनिधियों को सूचित किया जाएगा। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि खराब ट्रांसफार्मर, जर्जर तारों बदलने एवं बिजली आपूर्ति ठीक कराए जाए। अगर लंबे समय तक विद्युत की कटौती की जाए तो उसे अखबार के माध्यम से आम जनमानस को सूचित कर दिया जाए। मंत्री ने नई सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण और सुंदरीकरण के बारे में जानकारी ली और निर्देशित किया कि जिन ठेकेदारों का कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं है, उन्हें ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक अजय साहनी से जनपद में कानून व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।