जौनपुर: संतोष के हत्यारोपियों पर लगेगा गैंगेस्टर, असलहा लाइसेंस किए जाएंगे निरस्त
हत्यारोपियों का असलहा लाइसेंस निरस्त करने के आश्वासन पर शव का किया अंतिम संस्कार
फरार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जौनपुर के बदलापुर महराजगंज थाना क्षेत्र के कलछुली गांव में चुनावी रंजिश में संतोष वर्मा की हत्या के आरोपियों के परिवार के सभी असलहा लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। साथ ही पुलिस हत्यारोपियों पर गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है। उधर, बृहस्पतिवार देर रात एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह के इस संबंध में आश्वासन देने के बाद संतोष के घरवाले माने और शव का अंतिम संस्कार किया।
बुधवार दोपहर कलछुली गांव में चुनावी रंजिश को लेकर मनबढ़ों ने घर में घुस कर संतोष कुमार वर्मा की हत्या कर दी थी और मारपीट कर परिवार के दस लोगों को घायल कर दिया था। महाराजगंज थाने में 11 नामजद और कुछ अज्ञात पर मुकदमा दर्ज है। इसमें नामजद चार लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
बृहस्पतिवार शाम पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद संतोष का शव परिजनों को सौंपा किंतु परिजनों ने शव को घर के बाहर रख कर मुख्य हत्यारोपी की गिरफ्तारी होने तक उसका अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया था। करीब पांच घंटे तक समझाने के बाद भी लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। देर रात एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह, सीओ बदलापुर चोप सिंह, एसडीएम बदलापुर ने फरार हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी और हत्यारोपियों के परिवार में मौजूद सभी असलहों का लाइसेंस निरस्त करने का आश्वासन दिया। इसके बाद रात करीब 12 बजे घरवालों ने घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया।
हत्यारोपियों पर गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी इसके अलावा उनके परिवार में मौजूद सभी चार-पांच असलहों के लाइसेंस निरस्त किये जाएंगे। - त्रिभुवन सिंह, एएसपी ग्रामीण।
लापरवाही में तेजीबाजार चौकी इंचार्ज निलंबित
चुनावी रंजिश को लेकर महाराजगंज थाने के कलछुली गांव निवासी संतोष वर्मा की हत्या के मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी राजकरन नय्यर ने चौकी प्रभारी तेजीबाजार विजय शंकर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उधर, मामले में फरार चल रहे साथ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ बदलापुर चोप सिंह और एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। एएसपी के नेतृत्व वाली टीम में सिंगरामऊ के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, बदलापुर के प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय और सुजानगंज के प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। वहीं सीओ बदलापुर के नेतृत्व वाली टीम में महाराजगंज के थाना प्रभारी ओमनाराण सिंह सहित थाने के तर्रार पुलिस कर्मी शामिल हैं।