जौनपुर/शाहगंज। सख्त हिदायतों के बावजूद लॉकडाउन में बाहर घूमने वालों के खिलाफ शनिवार को पुलिस गांधीगिरी करती नजर आई। कहीं गुलाब का फूल देकर प्यार से समझाया तो कहीं माथे पर खतरे का निशान (कोरोना तिलक) लगाकर बाहर न निकलने की हिदायत दी गई।
शहर में सीओ सिटी सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने अभियान चलाया। चहारसू, ओलंदगंज, कोतवाली चौराहा, सब्जी मंडी सहित अन्य स्थानों पर साइकिल, बाइक से आ-जा रहे लोगों को रोका। घर से बाहर निकलने का वाजिब कारण न होने पर उनके माथे पर काली अमिट स्याही से खतरे का निशान बनाया। उन्हें हिदायत दी गई कि दोबारा घर से बाहर न आए, वरना कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने बताया कि इस कार्रवाई का मकसद लॉक डाउन तोड़ने वालों में शर्मिदंगी का अहसास कराना है। अमिट स्याही दो-तीन दिन तक बनी रहेगी। दोबारा बाहर दिखने पर इनकी पहचान कर कार्रवाई में सहूलियत होगी। उधर, शाहगंज में एसडीएम राजेश कुमार वर्मा व सीओ जितेंद्र दुबे ने जेसीज चौक पर वाहनों की जांच की। बिना कारण लॉक डाउन का उल्लंघन कर घूम रहे लोगों को गुलाब का फूल देकर घर में रहने की अपील की। अधिकारियों की इस गांधीगीरी के आगे कई लोग शर्मिंदा हुए। इस दौरान एसडीएम ने लोगों से कहा कि आप अपनी भूमिका को निभाते हुए गंभीर बनें। आपकी लापरवाही और बाहर घूमने का खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ सकता है।