यूपी: टूटी पटरी से गुजरीं चार मालगाड़ियां, जफराबाद-सुल्तानपुर रेल खंड का मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जौनपुर जिले के जफराबाद-सुल्तानपुर रेल खंड पर श्रीकृष्णनगर स्टेशन की बबुरा क्रासिंग के पास शनिवार की रात टूटी पटरी से गाड़ियों की आवाजाही होती रही। सुबह निरीक्षण के दौरान जानकारी हुई तो अफरातफरी मच गया। इसके बाद ट्रेनों का परिचालन रोककर ट्रैक की मरम्मत शुरू हुई। इस दौरान ट्रेनें काशन पर गुजारी गई। टूटी पटरी से चार मालगाड़ियों के गुजरने की बात कही जा रही है।
श्रीकृष्णनगर रेलवे स्टेशन के पश्चिम तरफ बबुरा के पास मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग है। शनिवार की रात करीब 12 बजे पेट्रोलिंग के दौरान सब कुछ ठीक था। सुबह करीब सात बजे की मैन दूधनाथ पेट्रोलिंग करते हुए बबुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा तो पटरी टूटी मिली। पटरियों के बीच चार-पांच इंच का अंतर आ गया था। उसने तत्काल सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी।
फिर लाइन ब्लाक कर इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों को नजदीक के अन्य स्टेशनों पर रोका गया। इसके बाद रेलवे के इंजीनियर ने पहुंचकर मरम्मत शुरू कराई। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे परिचालन सामान्य हो सका।
वरिष्ठ इंजीनियर मनोज कुमार ने बताया कि जफराबाद से कोईरीपुर तक 45 ट्रैक मैन लगातार रात में पेट्रोलिंग करते हैं। संभव है कि सुबह ही पटरी टूटी हो। स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार का कहना था कि रात में चार मालगाड़ियां वाराणसी से सुल्तानपुर की ओर इस ट्रैक से गुजरी है। पटरी चटखने की सूचना सुबह ही मिली। इस दौरान कोई ट्रेन नहीं गुजरी थी।