जौनपुर। नहर काटकर पानी बर्बाद करने वालों पर मुकदमा कराया जाएगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बुधवार को किसान दिवस पर यह बात कही। किसानों की समस्याओं का हफ्ते भर में समाधान करने का निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयेेजित किसान दिवस कार्यक्रम में किसानों ने नहरों में पानी नहीं होने की शिकायत की। डीएम ने अधिशासी अभियंता सिंचाई से कहा कि वे मौके पर जाएं और कोई नहर काट कर पानी बर्बाद करता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएं। जिलाधिकारी एआर कोआपरेटिव से कहा कि पर्याप्त मात्रा में खाद समय से उपलब्ध कराई जाए। किसानों ने लो-वोल्टेज की भी शिकायत की।
डीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 70 प्रतिशत किसानों के भूलेख का सत्यापन कर लिया गया है। सभी किसानों को 30 सितंबर तक सत्यापन करा लेना चाहिए अन्यथा सम्मान निधि रुक जाएगी। जनपद में कुल 753158 लाभार्थी हैं, जिसमें से अभी पांच लाख साठ हजार ही सत्यापन हुए हैं। इस मौके पर उप कृषि निदेशक जयप्रकाश, जिला कृषि अधिकारी केके सिंह, अपर जिला कृषि अधिकारी डॉ. रमेश चंद्र यादव, अग्रणी बैंक प्रबंधक उमाशंकर, जिला उद्यान अधिकारी ममता यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत एके सिंह सहित सभी जनपद स्तरीय अधिकारी व किसान मौजूद थे।