बरसठी। विकास खंड सभागार में सोमवार को कृषि विभाग की ओर से कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत खंड स्तरीय रबी कृषि निवेश मेला व किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। किसानों को आय बढ़ाने का तरीका बताया गया। कार्यक्रम अध्यक्षता कर रही बीडीओ वर्षा बंग ने किसानों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने और आधुनिक तकनीक अपनाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। कृषि विज्ञान केंद्र अमिहित के पशु वैज्ञानिक डॉ. एके सिंह ने पशुपालन को आय का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, पशुओं के टीकाकरण, संतुलित आहार, नस्ल सुधार एवं प्रशिक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. दिनेश कुमार ने मृदा में कार्बन जीवांश की महत्ता समझाई। उन्होंने कहा कि मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरक प्रयोग, जैविक खाद एवं हरी खाद के उपयोग से भूमि की उर्वरता एवं उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सकती है। अन्य वैज्ञानिकों एवं कृषि विशेषज्ञों ने रबी फसलों में उन्नत बीज, कीट एवं रोग नियंत्रण, सिंचाई प्रबंधन तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। किसानों की जिज्ञासा का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में एडीओ एजी सर्वेश पाल ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। इस मौके पर कृषि बीज गोदाम प्रभारी सुभाष पाल, राज कुमार पटेल, बीटीएम धर्मराज वर्षा, सुनील गुप्ता, ज्ञानेंद्र वर्मा उपस्थित रहे। संचालन प्राविधिक सहायक सुनील कुमार ने किया।