जौनपुर। प्राथमिक शिक्षक संघ ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान कोरोना संक्रमण से मृत शिक्षकों व कर्मचारियों के परिजनों को नौकरी और 50-50 लाख का मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री व बेसिक शिक्षा मंत्री को पत्र लिखा गया है।
संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ल ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव शिक्षकों के लिए काल बनकर आया। महामारी के इस दौर में चुनावी प्रशिक्षण व ड्यूटी के चलते 41 शिक्षकों व दो परिचारकों को अपनी जान गंवानी पड़ी। मृत शिक्षकों की सूची जारी करते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ ने पीड़ित परिवार को 50-50 लाख रुपये की मदद व मृतक आश्रितों को तत्काल नौकरी दिए जाने की मांग की है। संगठन चुनावी ड्यूटी के बदले जान गंवाने वाले इन शिक्षकों व कर्मचारियों के पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विकास खंडवार मृत शिक्षकों की सूची भी जारी की है। जिलाध्यक्ष ने मांग की है कि सरकार चुनाव प्रशिक्षण, मतदान और मतगणना के दौरान संक्रमित होकर जान गंवाने वाले इन शिक्षकों के पीड़ित परिवारों की अविलंब सहायता दिलाई जाए। संतोष कुमार परिचारक यूपीएस चोरारी रामनगर ब्लॉक, नन्हकूराम परिचारक बीएसए कार्यालय की भी कोराना काल में गंभीर बीमारी से मौत हुई। मंगलवार को वर्चुअल बैठक के जरिए पंचायत चुनाव में ड्यूटी के दौरान अपनी जान गवाने वाले सभी अध्यापक व कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।