सीएचसी डोभी पर स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा बहुओं की तरफ से प्रदर्शन करके अधीक्षक के खिलाफ अवैध वसूली का आरोप लगाना महंगा पड़ गया। शुक्रवार को जांच करने पहुंची सीएमओ डाॅ. लक्ष्मी सिंह ने बगैर सूचना दिए प्रदर्शन करने को गंभीरता से लेते हुए उसमें शामिल स्वास्थ्य कर्मियों व आशा बहुओं का एक दिन का मानदेय काटने का निर्देश दिया। वहीं प्रदर्शन करने के लिए उकसाने वाले स्वास्थ्य अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने को कहा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी पर एक दिन पूर्व अधीक्षक डाॅ. विशाल सिंह यादव पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य कर्मियों व आशा बहुओं ने प्रदर्शन कर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसका संज्ञान लेते हुए सीएमओ डाॅ. लक्ष्मी सिंह, एसीएमओ डाॅ. नरेंद्र सिंह, डिप्टी सीएमओ डाॅ. अजय सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी बीबी सिंह व डीपीएम सत्यव्रत त्रिपाठी के साथ जांच करने पहुंची। सीएमओ ने बताया कि यदि कोई समस्या थी तो उसे उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाना चाहिए था। उसका समाधान किया जाता। बगैर सूचना दिए इस प्रकार प्रदर्शन करना नियम विरुद्ध है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारी को प्रदर्शन में शामिल स्वास्थ्य कर्मियों व आशा बहुओं का एक दिन का मानदेय काटने का निर्देश देते हुए प्रदर्शन के लिए उकसाने वाले स्वास्थ्य अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने को कहा।