जौनपुरः वरुणा में डूबने से ममेरे भाइयों की मौत, दोनों का शव बरामद, पूरे गांव में मातम
कोदैला गांव के पास वरुणा नदी में सोमवार को दोपहर में डूबे ममेरे भाइयों की तलाश में ग्रामीण दोपहर से ही जुटे थे, लेकिन रामपुर और भदोही जिले की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही।
विस्तार
भदोही जिले के गुलौरा गांव निवासी राजेश गौतम का पुत्र सनी (14) रामपुर थाना क्षेत्र के कोदैला गांव में अपने मामा के घर आया था। सोमवार को वह अपने ममेरे भाई अजय शंकर (18) पुत्र विजयशंकर गौतम के साथ गांव में वरुणा नदी में मछली पकड़ने गया था। जहां दोनों नदी में डूब गए थे। मंगलवार सुबह आठ बजे घटना स्थल से पांच सौ मीटर दूर नदी में मछुआरों द्वारा गाड़े गए बांस के बीच फंसा सनी का शव बरामद हुआ। जबकि अजय शंकर का शव बुधवार को उमरी गांव स्थित नदी में बने पुल के नीचे झाड़ी में फंसा मिला। थानाध्यक्ष रामपुर विजयशंकर सिंह ने कहा कि नदी में मिले दोनों किशोरों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीमा विवाद के कारण 24 घंटे बाद पहुंचे गोताखोर
कोदैला गांव के पास वरुणा नदी में सोमवार को दोपहर में डूबे ममेरे भाइयों की तलाश में ग्रामीण दोपहर से ही जुटे थे, लेकिन रामपुर और भदोही जिले की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। सीमा विवाद के कारण पुलिस ने 24 घंटे तक गोताखोर को भी बुलाना मुनासिब नहीं समझा। ग्रामीण खुद नदी में दोनों की तलाश में जुटे थे।
जहां मंगलवार सुबह आठ बजे किशोर का शव घटना स्थल से पांच सौ मीटर दूर मिला। दोपहर करीब एक बजे दो गोताखोरों को जौनपुर से बुलवाया गया। दूसरे युवक की तलाश में पूरे दिन ग्रामीणों की भीड़ नदी के किनारे जुटी रही। बुधवार सुबह उसका शव घटनास्थल से दूर उमरी गांव के पास मिला। नदी में डूबे अजय शंकर पांच बहनों के बीच अकेला भाई हैं। मां सीमा देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल है।