यूपी के जौनपुर में बैंक में डकैती डालने जा रहे पांच बदमाश गिरफ्तार, गैंग लीडर पर दर्ज हैं 16 मुकदमे
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर पुलिस ने शुक्रवार की रात बैंक में डकैती डालने आए पांच बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से देसी रिवाल्वर, तमंचा, कारतूस और एक क्वालिस गाड़ी भी बरामद हुई है। भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर किया, मगर संयोग से गोली किसी को लगी नहीं। पकड़े गए बदमाशों में गैंग लीडर भी शामिल है। उस पर जौनपुर व आजमगढ़ में 16 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस लाइंस में मीडिया के समक्ष बदमाशों को पेश करते हुए एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि गौराबादशाहपुर एसओ रामप्रवेश कुशवाहा ने पुलिस टीम के साथ बिथवार गांव में चेकिंग कर रहे थे। संदिग्ध दिखने पर उन्होंने एक लाल रंग की क्वालिस को रोकने का इशारा किया तो अंदर सवार बदमाश पुलिस टीम पर फायर कर तेज रफ्तार में भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया।
मैरादखान नहर पुलिया के पास बदमाशों का वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस ने वाहन सवार पांच बदमाशों को हिरासत में लिया। उनके पास से एक 12 बोर का तमंचा, एक देसी रिवाल्वर, कारतूस, तीन चाकू, दो लोहे का सब्बल, हथौड़ी, दो आरी आदि बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह बिथवार के पास ही स्थित दो बैंक शाखाओं को निशाना बनाने जा रहे थे।
एएसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान खेतासराय थाना क्षेत्र के गरोठन गांव निवासी सुभाष राम, खुटहन के इमामपुर निवासी नन्हे कुरैशी, सुल्तानपुर के करौंदी कला थाना के मगरसन निवासी मोनू, नरायनपुर निवासी अगस्त और जफराबाद के नाथूपुर निवासी शिवा के रुप में हुई। सुभाष उनके गैंग का सरगना है, जिस पर जौनपुर और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में 16 मुकदमे दर्ज हैं।
अन्य आरोपी भी पहले कई वारदातों में शामिल रहे हैं। सभी को गिरफ्तार कर संबधित धाराओं में जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में एसओ के अलावा एसएसआई राघवेंद्र बहादुर सिंह, एसआई वरुणेंद्र कुमार राय, हेड कांस्टेबल रघुनाथ यादव, इस्तेखार खां, काशीनाथ यादव, अनिल कुमार शामिल रहे।