जौनपुर। शहर में दो दिन से पुलिस भर्ती परीक्षा कराई जा रही है। गोरखपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़ तक के अभ्यर्थियों का सेंटर होने कारण बड़ी संख्या में रोडवेज बसों में भीड़ हो रही है। यात्रियों के हिसाब से रोडवेज बसें कम पड़ जा रही है। प्रतिदिन करीब ढाई से तीन हजार की संख्या केवल अभ्यर्थियों की हो जा रही है। सीट पाने के लिए अभ्यर्थी बसों के खिड्कियों से अंदर घुसते दिखे।
जौनपुर डिपो से प्रतिदिन 81 रोडवेज बसों को विभिन्न मार्गों पर संचालन किया जा रहा है। शासन की ओर पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियाें को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है। दो दिन में करीब सात हजार यात्रियों ने निशुल्क यात्रा किया। पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए आजमगढ़, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और वाराणसी से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जौनपुर पहुंचे हैं। दोनों पलियों की परीक्षा खत्म होने के बाद रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। बस में चढ़ने के लिए मारा-मारी की स्थिति बनी रही । तमाम अभ्यर्थी खिड़की के रास्ते बसों में सीट बुक करते देखे गए। परीक्षा खत्म होने के बाद सड़कों पर जाम की स्थिति तक बन गई। इस संबंध में जौनपुर डिपो एआरएम ममता दुबे ने बताया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए बसों को पहले से तैयारी की गई थी। रविवार को करीब तीन हजार अभ्यर्थियों ने यात्रा किया।