धर्मापुर। जौनपुर-केराकत मार्ग पर कबीरुद्दीनपुर गांव के पास एक मवेशी को बचाने के चक्कर में सवारियों से भरी प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर खाई में चली गई। बस में चालक व खलासी को लेकर कुल छब्बीस लोग सवार थे। संयोग अच्छा था कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। मामूली रूप से जख्मी छह यात्रियों को धर्मापुर बाजार में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बुधवार को एक प्राइवेट बस जौनपुर से यात्रियों को भरकर चंदवक के लिए जा रही थी। बस जैसे ही दोपहर के तीन बजे जौनपुर-केराकत मार्ग पर गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर गांव के पास पहुंची तभी अचानक सामने एक मवेशी सड़क पार करने के लगा। बस के धक्के से मवेशी भी सड़क के किनारे खाई में पलट गया। बस पलटते ही यात्रियों की चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। बस में सवार कुछ यात्री अपने से बाहर निकला। बस पलटने से बस में सवार किशन जैसवार (35) निवासी बनथरी थाना चंदवक, संदीप सिंह (40) निवासी हबूसही थाना चंदवक, नीलेश यादव (20) घुड़दौड़ थाना चंदवक, आरती देवी (32) थाना केराकत, बस चालक सभाजीत यादव (45) निवासी कोपा थाना चंदवक व खलासी कैलाश (35) निवासी सहबुद्दीनपुर थाना चंदवक को हल्की चोटे आई है। सभी यात्री बाल- बाल बच गए। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार धर्मापुर बाजार में करवाया गया। कोई भी यात्री गंभीर रूप से घायल नहीं है। बस पलटने के कारण सभी यात्री काफी घबराए हुए थे। बस में सवार सभी यात्री चंदवक जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने बस में सवार सभी यात्रियों को दूसरे प्राइवेट बस को रोककर चंदवक के लिए रवाना किया। बस पलटने के कारण 20 मिनट तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर डायल 112 की पुलिस भी पहुंच गई थी। बस के धक्के से मवेशी की मौत हो गई। थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि बस पलट गई थी। सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं। कोई भी यात्री गंभीर रूप से घायल नहीं है। बस को बाहर निकलवाया जा रहा है।