सिकरारा। जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर आनापुर गांव के समीप बुधवार को सवारियों से भरी रोडवेज बस टैंकर में टकरा गई। हादसे में बस के चालक-परिचालक, महिला कांस्टेबल समेत 12 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मछलीशहर सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है। चालक-खलासी फरार हो गए हैं।
जौनपुर डिपो की बस बुधवार की सुबह गोरखपुर से प्रयागराज जा रही थी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। करीब साढ़े सात बजे आनापुर स्थित एक ढाबे के पास खड़ी ट्रक से बचने की कोशिश में बस विपरीत दिशा से आ रही टैंकर से टकरा गई। आमने-सामने की टक्कर में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यात्रियों की चीख पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बस में सवार चालक-परिचालक समेत सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। थानाध्यक्ष अरुण कुमार मिश्र ने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच कर घायलों को सीएचसी मछलीशहर पहुंचाया। हादसे में बदौवा (मड़ियाहूं) निवासी परिचालक अरुण यादव (45) की गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चालक चौहरजा दुबे (53) निवासी उदयचंदपुर केराकत, ठेकमा आजमगढ़ निवासी व फतेहपुर में तैनात सिपाही माया (27), राजू पटेल (30) व जनार्दन पटेल परायन छपरा कुशीनगर, शेषमणि (32) पीपीगंज गोरखपुर, मन्नू (27) और रंजीत (22) नरकटिया कुशीनगर, प्रमोद मौर्य पिपराइच गोरखपुर, चंद्रभान सिंह (75) व उनकी पत्नी शकुंतला (70), पुत्र बेटा परमिंदर (37) निवासी कुबेरस्थान कुशीनगर का मछलीशहर में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य को भेजा गया। दुर्घटना के बाद टैंकर के चालक व खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस टैंकर को कब्जे में लेकर छानबीन में जुटी है।