जौनपुरः बाइक सवार बदमाशों ने सफाई नायक पर किया फायर, बाल-बाल बची जान
नगर पालिका परिषद में सफाई नायक पद पर कार्यरत नई आबादी मोहल्ला निवासी अशफ़ाक अहमद उर्फ पप्पू नई सब्जी मंडी की तरफ से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में पहले से ही घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने हत्या की नीयत से उस पर गोलियां चलाईं।
विस्तार
जौनपुर जिले के शाहगंज में आजमगढ़ रोड स्थित भादी चुंगी तिराहे पर रविवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने सफाई नायक पर फायर झोंक दिया। घटना में सफाई नायक की जान बाल-बाल बची। गोलीबारी की घटना से नगर में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किया है। हमलावर आजमगढ़ की ओर भाग निकले।
नगर पालिका परिषद में सफाई नायक पद पर कार्यरत नई आबादी मोहल्ला निवासी अशफ़ाक अहमद उर्फ पप्पू नई सब्जी मंडी की तरफ से अपने घर लौट रहा था। वो भादी चुंगी तिराहे पर पहुंचा ही था कि पहले से ही घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने हत्या की नीयत से उस पर गोलियां चलाईं।
संयोग से निशाना चूक जाने सफाई नायक बाल बाल बच गया। गोली चलने की की आवाज सुनकर दौड़े दुकानदारों को देखकर हमलावर आजमगढ़ की ओर भाग निकलने में कामयाब हो गए। क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर कर केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। मामला आपसी रंजिश का लग रहा है।
इधर, एक अन्य घटना में कोतवाली क्षेत्र के उदयचंदपुर गांव में रविवार को रंजिश को लेकर कुछ मनबढ़ों ने निलेश दुबे (19) को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र केराकत में भर्ती कराया गया है। कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि इस मामले में मारपीट का मुकदमा दर्ज मामले की जांच की जा रही है।
पिता ने काटी बेटी की अंगुली, ठेले पर अस्पताल ले गए पड़ोसी
जौनपुर जिले के सिद्दीकपुर स्थित कांशीराम शहरी आवास योजना परिसर में रविवार को एक शराबी युवक ने अपनी पत्नी की पिटाई कर दी। आरोप है कि बचाव में आई बेटी पर भी उसने हमला कर दिया। इस हमले में उसकी तीन अंगुलियां कट गईं। परिजन एंबुलेंस सेवा को फोन लगाते रहे, लेकिन नहीं उठा। इसके बाद पड़ोस के लोग ठेले पर लड़की को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां उसका उपचार किया गया। पीड़िता ने इस संबंध में थाने में भी शिकायत नहीं की।
पुलिस इस घटना की जानकारी से इंकार कर रही है। दूसरी ओर किसी ने ठेले पर मरीज लेकर अस्पताल लाने का वीडियो वायरल कर दिया है। पीड़ित पक्ष ने कोई शिकायत भी नहीं की है। वहीं, चिकित्सा अधिकारी डा. विशाल सिंह यादव ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं हैं। थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा का कहना है कि इस तरह की किसी घटना की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है।