Jaunpur: सतना लूटकांड के आरोपी सुभाष की जमानत निरस्त, मुनीम की हत्या कर लूटे थे 15 लाख रुपये
मध्य प्रदेश के सतना में छह मार्च को मुनीम की हत्या कर 22 लाख रुपये लूट की घटना में मुख्य आरोपी सुभाष यादव की जमानत बुधवार को निरस्त कर दी गई।
विस्तार
मध्य प्रदेश के सतना में छह मार्च को मुनीम की हत्या कर 22 लाख रुपये लूट की घटना में मुख्य आरोपी सुभाष यादव की जमानत बुधवार को निरस्त कर दी गई। सुभाष गैंग के ही एक 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी आनंद सागर को पुलिस ने बक्शा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान मार्च महीने में ढेर कर दिया था। इस लूटकांड को अंजाम देने वालों में छह बदमाश यूपी के जौनपुर जिले के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार, सतना लूटकांड में शामिल मुख्य आरोपी सुभाष यादव केराकत थाना क्षेत्र के बंबावन निवासी है। उसके खिलाफ जौनपुर, वाराणसी, आजमगढ़ और मध्य प्रदेश के सतना में कुल 30 मामले दर्ज हैं। थाने मे टॉप-10 अपराधियों में शामिल सुभाष पर गैंगस्टर भी लगा है।
एसपी के मीडिया सेल से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, धोखाधड़ी सहित अन्य मामलों में सुभाष यादव ने जमानत करा लिया था। जिन जमानतदारों का नाम जमानत के दौरान अभिलेख में लगाया गया था उन्होंने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी ही नहीं है।
ऐसे में सुभाष की जमानत निरस्त कर दी गई। केराकत थाने के प्रभारी निरीक्षक आदेश त्यागी ने बताया कि आरोपी की जमानत बुधवार को निरस्त कर दी गई। फिलहाल सुभाष जेल में है।
मुठभेड़ में ढेर हुआ था 30 हजार का इनामी आनंद सागर
सतना लूटकांड के आरोपी एवं सुभाष यादव गैंग के सदस्य आनंद सागर के बारे में पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह बक्शा क्षेत्र में है। ऐसे में सतना पुलिस और जिले की पुलिस ने संयुक्त रूप से प्रयास करते हुए मुठभेड़ में 16 मार्च को आनंद सागर को ढेर कर दिया था। उसपर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।