जौनपुर : पूर्वांचल विश्वविद्यालय से 15 जून के बाद अलग हो जाएंगे आजमगढ़ और मऊ, शासन ने कर दिया नोटिफिकेशन
दोनों जिलों के 409 महाविद्यालय नए आजमगढ़ विवि से होंगे संबद्ध
बंटवारे के बाद पूविवि में तीन जिलों के कुल 529 महाविद्यालय शेष बचेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्वांचल विवि के बंटवारा के लिए शासन ने नोटिफिकेशन कर दिया है। 15 जून के बाद आजमगढ़ विश्वविद्यालय अस्तित्व में आ जाएगा। 15 जून 2021 से पहले जिन महाविद्यालयों के छात्र पूविवि से जुड़े हैं, उनकी परीक्षाएं यही विवि कराएगा। इसके बाद से सभी प्रक्रिया आजमगढ़ विश्वविद्यालय के निर्देशन में होगी। बंटवारे के बाद अब पूविवि में तीन जिलों के कुल 529 महाविद्यालय शेष बचेंगे।
पूविवि के बंटवारे को लेकर काफी समय से चल रही चर्चा पर सरकार ने नोटिफिकेशन कर विराम लगा दिया है। बंटवारे के बाद पूर्वांचल विश्वविद्यालय से जौनपुर, गाजीपुर और प्रयागराज का एक महाविद्यालय बचेगा। पूविवि से वर्तमान में पांच जिलों के कुल 938 महाविद्यालय संबद्ध हैं। इसमें जौनपुर के 195 और गाजीपुर के 333 हैं। प्रयागराज का एकमात्र महाविद्यालय पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध है। पूविवि के बंटवारे के संबंध में शासन स्तर से जारी नोटिफिकेशन को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई।
15 जून तक पंजीकृत छात्रों की परीक्षा पूविवि कराएगा
जौनपुर। पूर्वांचल विवि से संबद्ध महाविद्यालयों में 15 जून 2021 के पहले जिन छात्रों का पंजीकरण हो चुका है, उनकी परीक्षाएं भी पूर्वांचल विश्वविद्यालय ही कराएगा। स्नातक तृतीय वर्ष की परीक्षा कराने के बाद छात्र दूसरे विवि में दाखिला ले सकेंगे। 15 जून के बाद आजमगढ़ और मऊ के छात्र आजमगढ़ विवि में दाखिला ले सकेंगे।
पूविवि में 31 तक ग्रीष्मावकाश
जौनपुर। पूर्वांचल विवि ने एक से 31 मई तक ग्रीष्मावकाश घोषित किया है। शनिवार को कुलपति प्रो.निर्मला एस मौर्य की अध्यक्षता में संकायाध्यक्षों की वर्चुअल बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस दौरान किसी भी तरह की कक्षाओं का संचालन नहीं किया जाएगा। 31 मई के बाद कोरोना संक्रमण की स्थिति पर निर्भर करेगा कि महाविद्यालय खुलेंगे या नहीं। परीक्षा पर भी शासन के निर्देश के बाद निर्णय लिया जाएगा। कुलसचिव महेंद्र कुमार ने कहा कि बैठक में कोविड की स्थिति से सभी को अवगत कराया गया।