वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित होगा। यहां से हर पल के मौसम पर निगाह रखा जाएगा। जिले के किसान ही नहीं हर आदमी को मौसम की सटीक जानकारी मिल सकेगी। स्टेशन की स्थापना के लिए भूमि चिह्नांकन, तकनीकी परीक्षण और औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग की टीम ने स्थलीयय सर्वे भी कर लिया है।
कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह के प्रयास से शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट जौनपुर ही नहीं आसपास के जनपदों के लिए लाभकारी है। यह अत्याधुनिक स्टेशन तापमान, वर्षा, आर्द्रता, वायु दाब, हवा की दिशा और गति जैसी तमाम जानकारी स्वचालित रूप से एकत्र करेगा और सीधे केंद्रीय सर्वर पर भेजेगा। इसके माध्यम से मौसम पूर्वानुमान अधिक सटीक और वास्तविक समय पर उपलब्ध हो सकेगा। कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह का कहना है कि यह विश्वविद्यालय के विज्ञान से समाज तक के विजन को साकार करने वाला कदम है। इससे न केवल शोधार्थियों को उपयोगी डेटा मिलेगा बल्कि किसानों और आम नागरिकों को भी मौसम की तत्काल जानकारी प्राप्त होगी। विश्वविद्यालय की ओर से इस परियोजना की जिम्मेदारी देख रहे डॉ. श्याम कन्हैया सिंह ने बताया कि स्टेशन पूरी तरह स्वचालित होगा। जो बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के कार्य करेगा। नेटवर्क बाधित होने पर भी यह सुरक्षित डेटा संग्रहीत रखेगा और सौर ऊर्जा से संचालित रहेगा। यह परियोजना कृषि, पर्यावरण, आपदा प्रबंधन और वैज्ञानिक शोध के सभी क्षेत्रों में उपयोगी सिद्ध होगी।