मीरगंज। नागरिक इंटर कॉलेज जंघई के मैदान पर बुधवार को तहसील स्तरीय 70 वीं माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में अपर्णा ने पदकों की हैट्रिक लगाई। दौड़ स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का दबदबा रहा। प्रतियोगिता के सीनियर बालिका वर्ग में मेजबान नागरिक इंटर कॉलेज जंघई की अपर्णा गौतम ने ट्रैक पर तूफानी प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर पदकों की हैट्रिक लगाई। सीनियर बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में इंटर कॉलेज रामगढ़ बधवा के स्वप्निल ने बाजी मारी। 800 मीटर सीनियर बालक वर्ग की दौड़ में इंटर कॉलेज मीरगंज के आलोक मौर्या अव्वल रहे। जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर फर्राटा दौड़ में इंटर कॉलेज मीरगंज की परिधि सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि नागरिक इंटर कॉलेज जंघई की प्रीति दूसरे स्थान पर रहीं। 1500 मीटर की दौड़ में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। इसमें सार्वजनिक इंटर कॉलेज मुंगराबादशाहपुर के आलोक मौर्या ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, इंटर कॉलेज मीरगंज के आलोक मौर्या दूसरे स्थान पर रहे। इससे पूर्व, कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ नागरिक इंटर कॉलेज जंघई के प्रधानाचार्य प्रभाकर मिश्रा ने मां सरस्वती की वंदना के पश्चात फीता काटकर किया। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विद्यालय का प्रांगण खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की तालियों से गूंजता रहा। दौड़ के अलावा लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक जैसी स्पर्धाएं भी आयोजित की गईं। इंटर कॉलेज के प्रबंधक परशुराम त्रिपाठी और प्रधानाचार्य प्रभाकर मिश्रा ने खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में सर्वोदय विद्यापीठ मीरगंज, गंगादीन रामकुमार आईसी रामगढ़ बारावां, सार्वजनिक आईसी मुंगरा बादशाहपुर, सरस्वती आईसी ऊंचगांव, जनता जनार्दन आईसी मेंहदी, माता-पिता आईसी बरहता, श्री गिरजा शंकर तिवारी आईसी निभापुर और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सराय यूसुफ के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता को सकुशल और निष्पक्ष संपन्न कराने में आयोजक नीरज कुमार ओझा सहित जौनपुर के जिला क्रीड़ा सचिव सुदीप सिंह, टीम कोच/प्रबंधक शिशिर सिंह, प्रदीप कुमार, ओम प्रकाश यादव, गुलाब यादव, मुलायम यादव, रविकांत, ज्ञानेन्द्र प्रताप की भूमिका सराहनीय रही।