कोविड-19 संक्रमण कम होने के बाद पूर्वांचल विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं जुलाई के पहले सप्ताह से प्रस्तावित हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा की तिथि तय करने के बाद केंद्रों का निर्धारण करने में जुटा है। परीक्षा केंद्र निर्धारित होने के बाद ही केंद्र पर उत्तर पुस्तिकाएं भेजी जाएंगी। परीक्षा में स्नातक अंतिम वर्ष, स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष और सेमेस्टर की परीक्षाएं कराई जाएगी। विवि प्रशासन मुख्य परीक्षा में छात्र-छात्राओं के शामिल होने का विवरण भी जुटा रहा है।
विश्वविद्यालय से संबद्ध 938 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होने हैं। परीक्षा समिति ने तय किया है कि स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष, परास्नातक अंतिम के साथ सेमेस्टर परीक्षाएं कराई जाएंगी। हालांकि कोरोना संक्रमण के चलते विश्वविद्यालय बंद होने के कारण छात्रों का लेखा-जोखा तैयार नहीं हो पाया है। जिसे नामित एजेंसी तैयार करती है। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या एजेंसी से मांगी गई है। छात्र संख्या मिलने के बाद ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण हो पाएगा। परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह का कहना है कि परीक्षा तिथि घोषित होने के बाद ही तैयारी शुरू हो गई है। परीक्षा में शामिल होने छात्रों की सत्रवार संख्या जुटाई जा रही है। छात्रों की संख्या मिलने के बाद ही केंद्र निर्धारण का काम शुरू हो जाएगा। परीक्षा की तैयारी कराने के लिए सभी महाविद्यालयों को भी सूचना प्रेरित कर दी गई है।