जौनपुर। सोशल डिस्टेंस का पालन कराने वाले जिम्मेदारों के कार्यालयों में इसकी धज्जियां उड़ रही है। सभी कर्मचारियों को कार्यालय बुलाया जा रहा है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अभी तक रोस्टर प्रणाली लागू नहीं किया गया है। विभागों में तैनात सभी कर्मचारी कार्यालयों में आ रहे हैं, जिससे वे सोशल डिस्टेंस खुद नहीं रख पा रहे हैं। ऐसे में उनके अंदर भी कोरोना संक्रमित होने का खतरा बना हुआ है। कोरोना संक्रमण के चलते कई अधिकारी व कर्मचारी अभी भी होम आइसोलेट में हैं। जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है, इसको लेकर जिम्मेदार भी सचेत नहीं हैं। कई अधिकारी व कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। चाहे कलेक्ट्रेट हो, विकास भवन या फिर अन्य कार्यालय। इन कार्यालयों में तैनात सभी कर्मचारियों को ड्यूटी पर बुलाया जा रहा है, जिससे उन कर्मचारियों में सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं हो पा रहा है। वहीं आम जनता भी अपनी समस्याओं को लेकर उनके पास पहुंच रही है, जिससे उनके भी कोरोना संक्रमित होने का खतरा है। पिछले वर्ष कोरोना संक्रमण के दौरान कर्मचारियों को रोस्टर से आने का फरमान जारी किया गया था, लेकिन इस बार ऐसा कुछ भी नहीं है। सभी कर्मचारियों को कार्यालय बुलाया जा रहा है, इससे कर्मचारियों में कोरोना संक्रमित होने का डर बना हुआ है।