जौनपुर। साथियों पर मुकदमा दर्ज होने से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को कोर्ट का बहिष्कार कर दिया। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान डीएम डॉ.दिनेशचंद्र व एसपी डा.कौस्तुभ कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार की सुबह 10.30 बजे कलेक्ट्रेट अधिवक्ता समिति की बैठक संघ के सभागार में अध्यक्ष घनश्याम सिंह की अध्यक्षता व महामंत्री मनोज कुमार मिश्र की उपस्थिति में हुई। अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में कलेक्ट्रेट अधिवक्ता के साथी अखिलेश दुबे के खिलाफ लाइन बाजार थाना में मुकदमा दर्ज होने व अधिवक्ता भूलेंद्र सिंह यादव व उनके परिवार के खिलाफ जफराबाद थाना में फर्जी मुकदमा दर्ज करने का मामला संज्ञान में लिया गया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए एसडीएम, एडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार के कोर्ट का बहिष्कार करते हुए अधिवक्ता डीएम के जनसुनवाई कक्ष के बाहर पहुंच गए। अधिवक्ता पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसके बाद मौके पर पहुंचे एडीएम भू-राजस्व अजय कुमार अंबष्ट ने मामले को सुनते हुए डीएम तक मामला पहुंचाया। डीएम व एसपी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी अधिवक्ताओं से बातचीत की गई। इस दौरान सीओ सिटी देवेश सिंह की अध्यक्षता में कमेटी गठित करके मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इस मौके पर पूर्व महामंत्री अधिवक्ता आनंद मिश्र, विजय प्रताप सिंह, हीरालाल गुप्ता, बृजमोहन शुक्ला, ओमप्रकाश सिंह, उदय प्रताप सिंह, प्रदीप यादव, उमाशंकर तिवारी, रजनीश शुक्ला आदि मौजूद रहे।