मछलीशहर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को शादी का झांसा देकर युवक दो साल तक दुष्कर्म करता रहा। मामला उजागर होने पर युवती के परिजनों ने शादी के लिए दबाव बनाया तो वह मुकर गया। युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक व उसके परिवारवालों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव का एक युवक उसकी बेटी को शादी का झांसा देकर दो वर्षों से दुष्कर्म करता रहा। एक दिन पहले ही उसे इसकी जानकारी हुई। महिला जब युवक के घर पूछताछ करने गई तो युवक की मां सहित परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने धमकी दी। इसके बाद युवती की मां ने एसडीएम से मिलकर गुहार लगाई। एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले आई। यहां दिन भर वार्ता के बाद भी समझौता नहीं हो सका। अंत में पुलिस ने आरोपी युवक अनिल और उसके परिवार के आशीष, अजय, अखिलेश, अजीत व शांति देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरी तरफ केस दर्ज होने के बाद युवती ने घर जाने से इंकार किया तो कोतवाली पुलिस ने महिला कांस्टेबल की अभिरक्षा में उसे देर रात उसे घर भेजवाया। प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। युवती को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।