जौनपुर। हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। हाईस्कूल की परीक्षा में 78962 और इंटर में 75649 छात्र पंजीकृत थे। जिसमें से 5528 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के लिए जिले में 230 केंद्र बनाए गए थे। दो परीक्षार्थी नकल करते हुए और दो दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकडे़ गए।
परीक्षा की निगरानी के लिए तीन सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, सात जोनल मजिस्ट्रेट, 31 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 230 स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। परीक्षा पर नजर रखने के लिए 10 सचल दल तैनात किए गए थे। डीआईओएस राजकुमार पंडित ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में करीब सात प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा छोड़ी है। परीक्षा छोड़ने वाले छात्रों का आंकड़ा पिछले साल भी यही रहा था। परीक्षा के अंतिम दिन मंगलवार को कुल 2915 छात्र परीक्षा में अनुपस्थित रहे। पहली पाली में हाईस्कूल गणित की परीक्षा में 55715 छात्र पंजीकृत थे। इसमें से 53486 परीक्षा में शामिल हुए और 2229 ने परीक्षा छोड़ दी। इंटर के फल एवं संरक्षण, टेक्सटाइल, बुनाई तकनीकी, रंगीन फोटोग्राफी समेत 13 विषयों में कुल 584 छात्र पंजीकृत थे। इसमें से 555 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 29 ने परीक्षा छोड़ दी। इसी प्रकार, दूसरी पाली में इंटर नागरिक शास्त्र की परीक्षा में कुल 13143 छात्र पंजीकृत थे। इसमें 12486 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। सुबह की पाली में 230 केंद्रों पर परीक्षा हुई। दूसरी पाली में 224 केंद्रों पर परीक्षा कराई गई।