{"_id":"594ac2834f1c1b124e8b47a5","slug":"yoga-is-learned-to-be-healthy","type":"story","status":"publish","title_hn":"योगासन कर सीखा स्वस्थ रहने का गुर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
योगासन कर सीखा स्वस्थ रहने का गुर
अमर उजाला जालौन
Updated Thu, 22 Jun 2017 12:31 AM IST
विज्ञापन
प्रभारी मंत्री से लेकर अफसरों तक ने किया योगा चौका-बर्तन छोड़ महिलाएं भी पहुंची योग शिविर
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व योग दिवस पर शहर स्थित टाउन हाल के मैदान में योग करने वालों की भीड़ उमड़ी। योग करने न सिर्फ बुजुर्ग और बच्चे, बल्कि महिलाएं भी घरों का चौका बर्तन छोड़ योग पहुंची। जिले के प्रभारी मंत्री जय कुमार ने भी सांसद, विधायक, डीएम और डॉक्टरों के साथ योग किया। साथ ही स्वस्थ भारत का संकल्प लिया।
विज्ञापन
करीब एक घंटे तक चले शिविर में दंडासन, त्रिकोणासन, कपाल भांती, पवनमुक्त आसन, शवासन, शीतली प्राणायाम, मकरासन, उस्तरासन आदि क्रियाएं कराई गईं। योगाभ्यास करा रहे पतंजलि योग समिति के रामप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि योग को जीवन में अपना कोई भी निरोगी बन सकता है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि योग को सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि रोज करना चाहिए।
विज्ञापन
बुधवार की सुबह शहर का नजारा कुछ अलग सा दिखा। कोई लाठी के सहारे तो कोई तेज कदमों और कोई पापा-मम्मी की उंगली पकड़कर टाउनहाल की ओर जाता नजर आ रहा था। सात बजते-बजते सभी मंच के सामने चादर बिछाकर अपना-अपना स्थान ले चुके थे। योगाचार्य ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया। कुछ पलों के लिए ही सही स्वयं को पूरी तरह से स्वस्थ महसूस भी किया। इस मौके पर सांसद भानुप्रताप वर्मा, कालपी विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, सदर विधायक गौरीशंकर, डीएम नरेंद्र शंकर पांडे, सीडीओ, सीएमओ अल्पना बरतरिया, डीआईओएस राजेंद्र बाबू और बीएसए कमलेश कुमार भाजपा नेता अरविंद चौहान भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
योग के फायदे किए सांझा
राजेंद्र नगर से आए 52 वर्षीय सुरेंद्र उदैनिया ने बताया कि करीब छह माह से घुटनों के दर्द की वजह से उन्हें चलने में दिक्कत हो रही थी। योग करना शुरू किया तो उन्हें बहुत ही फायदा हुआ। अब वे घर की सीढ़ियां चढ़ और उतर सकते हैं। अब वे जीवन भर योग का साथ नहीं छोड़ेंगे। नया रामनगर निवासी 56 वर्षीय सुशीला ने बताया कि जब से उन्होंने योग शुरू किया है, उनकी शुगर भी पहले से कम हो गई। वे अपने साथ पांच-छह लोगों को शिविर में लाई हैं।
बच्चों को देख मिला हौसला
योग शिविर में आए छोटे-छोटे बच्चे बड़ों के लिए प्रेरणास्रोत बने। कठिन से कठिन आसन पांच और छह साल के तेजस और दिशा ने बहुत ही आसानी से कर लिया। यह देख बड़ों का भी हौसला बढ़ा। इन्होंने भी योग करने का प्रयास किया।
देर से पहुंचे विधायक और अध्यक्ष
सदर विधायक गौरीशंकर और भाजपा जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल योग शिविर में कुछ देरी से पहुंचे तो उन्हें बैठने के लिए जगह नहीं मिली। कार्यकर्ताओं ने चुटकी ली, नेताजी जल्दी जगा करो। इसके बाद डीएम ने दोनों को अपने बगल में बैठाया।
भारी शरीर वालों को आया पसीना
शिविर में आए कुछ भारी शरीर वाले लोग एक-दो आसन के बाद हांफते और पसीने से तरबतर नजर आए। उनसे थकान के बारे में पूछा गया तो बोल पड़े भाई पहली बार है न इसलिए। धीरे-धीरे आदत पड़ जाएगी।
योग से बड़ी कोई दवा नहीं
निहारिका सिंह का कहना है कि बहुत ही फायदा होता है। योग से न केवल शरीर, बल्कि मन भी प्रसन्न रहता है। हम यह कह सकते हैं कि योग से बड़ी कोई दूसरी दवा नहीं है। यह हर रोग में कारगर है।
योग करो, डॉक्टर से बचो
आकांक्षा यादव के मुताबिक योग करने से सभी बीमारियों में फायदा मिलता है। इसके लिए जरूरी है कि योग प्रशिक्षित लोगों से सीखकर करें। यदि नियमित रूप से किया जाए तो डॉक्टरों के पास जाना बंद हो जाता है।
अनुशासन भी सिखाता योग
प्रगति सिंह का कहना है कि योग स्वस्थ रहने में तो मदद करता ही है। साथ ही यह जीवन में अनुशासन भी सिखाता है। यदि दिनचर्या का नियमित रूप से पालन करें तो काफी हद तक बीमारियां दूर हो जाती हैं।
तन और मन रहता प्रसन्न
स्वयं प्रभा कहती हैं कि योग करने से तन और मन स्वस्थ रहते हैं। हमें नियमित रूप से योग करना चाहिए। जिन लोगों की दिनचर्या में योग शामिल है, वे बीमार कम पड़ते हैं। योग का कोई विकल्प नहीं है।
योग से रह सकते हैं तनाव मुक्त
उरई (ब्यूरो)। योग दिवस पर बुधवार को राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन केंद्र पर संस्था के प्र्रबंधक अब्दुल खालिद व संस्था के अन्य कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। इस दौरान प्रबंधक ने कहा कि योग करने से आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी में तनाव मुक्त रहा जा सकता है। इस मौके पर अमजद आलम, आयुष गौतम, आबिद मंसूरी, आदि लोग मौजूद रहे।