उरई। कुठौंद व गोहन थाना क्षेत्रों में पिछले दिनों हुई लूट की कुछ घटनाओं के खुलासे के लिए लगी थाना पुलिस, सर्विलांस व एसओजी टीम ने छह लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। लुटेरों के पास से सोने के जेवर के साथ तमंचा, कारतूस, बाइकें, नकदी आदि बरामद की। पकड़े गए लुटेरों का खुलासा पुलिस लाइन में एसपी रवि कुमार ने किया।
एसपी ने बताया कि 27 जुलाई को विशाल सिंह निवासी पुरा महटौली थाना रामपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि बाइक सवार लुटेरों ने मां के हाथ से बैग छीन लिया था। बैग में सोने चांदी के जेवर व नकदी थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने थाना क्षेत्र के निजामपुर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के रनवे के पास से विमल तिवारी निवासी नावर थाना गोहन, मोहित निवासी गोपालपुर थाना गोहन, कुलदीप निवासी रामपुरा, आशु उर्फ प्रिंस, अंशुल कुमार दोनों निवासी सैदपुर उवारी कुठौंद, अजय निवासी रामपुरा को टीम ने पकड़ लिया। लुटेरों के पास से 10 हजार रुपये, दो जोड़ी पायल, सोने के बाला, ओम का लॉकेट, दो तमंचा 315 बोर, चार कारतूस, एक छुरी और दो बाइकें बरामद हुई। पकड़े गए लुटेरों ने बताया कि बीती नौ जुलाई को कुठौंद के बहादुरपुर के पास व 26 जुलाई को गोहन थाना क्षेत्र के गुपलापुर धर्मपुरा रोड पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अखिलेश द्विवेदी, एसओजी प्रभारी अर्जुन, सर्विलांस प्रभारी योगेश पाठक सहित तीनों टीमों के पुलिसकर्मी मौजूद रहें।