उरई। बिना नक्शा पास कराए मकान बनाना गृहस्वामी को भारी पड़ गया। सूचना पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने बिल्डिंग को सीज कर दिया है। सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने बताया कि अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी, जिस पर गृहस्वामी को नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य बंद नहीं कराया गया। तभी बिल्डिंग को सीज कर दिया गया है।
बता दें कि नगर में तमाम मकान बिना नक्शा पास कराए बनाए जा रहे हैं, इससे ओडीए को भारी राजस्व की हानि हो रही है। मामले को संज्ञान में लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने हाल ही में चेतावनी जारी की थी, लेकिन कई लोग इसकी परवाह नहीं कर रहे। पिछले सप्ताह सिटी मजिस्ट्रेट को शिकायत मिली कि शहर के फैक्टरी एरिया के पास मुख्यमार्ग एक कंपनी का शोरूम बिना नक्शा पास कराए बनवाया जा रहा है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने तीन दिन पहले गृहस्वामी ममता पत्नी अखिलेश मिश्रा को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य बंद करने के निर्देश दिए थे पर कार्य बंद नहीं किया गया। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार शुक्ला ने रविवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एके श्रीवास्तव, विद्युत अभियंता सुभाष चंद्र, स्टेनों गौरव द्विवेदी आदि टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य होता देख उन्होंने बिल्डिंग को सीज कर दिया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि गृहस्वामी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।