बदमाशों ने पुलिस कह खुलवाया दरवाजा, किया फायर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रुद्रपुरा में बुधवार की रात बदमाश लूट के इरादे से गांव के राकेश शुक्ला के घर पहुंचे। बदमाशों ने दरवाजे की कुंडी खटखटाई। राकेश ने दरवाजे पर आकर बाहर खड़े लोगों से परिचय पूछा तो बदमाशों ने खुद को पुलिस बताया। राकेश ने दरवाजा खोला तो उन्होंने छह लोगों को बाहर खड़ा पाया। उनका पहनावा पुलिस जैसा न लगने पर राकेश ने परिचय पत्र मांग लिया। बदमाशों के परिचय पत्र न दिखाने पर राकेश ने शोर मचा दिया, जिस पर बदमाशों ने उस तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली दरवाजे में लगी जाकर और राकेश बाल बाल बच गए। गोली चलने की आवास से आस पास के ग्रामीण घरों से बाहर निकल गए। गांव में अफरा तफरी का माहौल हो गया।
ग्रामीणों को घरों से बाहर निकलता देख बदमाश तमंचा व कारतूस वहीं फेंककर भाग निकले। जब गांव में बदमाशों के आने की खबर फैली तो पता चला कि बदमाशों ने राकेश के घर आने से पहले गांव के शंकर सिंह पुत्र रणवीर सिंह, पान सिंह पुत्र अमर सिंह व मनोज सिंह पुत्र राजा सिंह के घरों में चोरी कर लाखों रुपये कीमत के जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर चुके थे। गांव में एक साथ तीन घरों में चोरी व एक घर में लूट के असफल प्रयास करने की वारदात से हड़कंप मच गया। बदमाशों ने शंकर के घर से सोने की चूड़ी, एक हार, पायलें, बाला, बिछुआ समेत करीब 3 लाख रुपये कीमत का जेवरा चोरी किया।
वहीं पान सिंह के घर से 15 हजार रुपये नगद, तीन सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, बाला, बेंदा और 15 चांदी के सिक्के चोरी किए। इसी तरह मनोज के घर से 5 हजार रुपये नगद, सोने की जंजीर, अंगूठी बक्से से चोरी कर ले गए। इन घरों में चोरी को अंजाम देने के बाद बदमाश राकेश घर लूट के इरादे से पहुंचे थे। सुबह सूचना पर इंस्पेक्टर रुद्रकुमार सिंह ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की।
कुछ ही देर में एएसपी व फोरेंसिक टीम भी गांव पहुंच गई। एएसपी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। वहीं फोरेंसिक टीम ने बदमाशों के फिंगर प्रिंट लेकर मौके की फोटोग्राफी की। उधर, पुलिस ने बदमाशों का फेंका हुआ तमंचा व कारतूस बरामद किए। एएसपी का कहना है कि राकेश पर जान से मारने की नियत से ही फायर झोंका गया था। राकेश ने बदमाशों को देख लिया है। उसके बताए हुलिए के अनुसार बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।