कोंच। कोरोना को लेकर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों पर नजर रखने के लिए शासन से नामित नोडल अधिकारी संयुक्त निदेशक आईसीडीएस धर्मेंद्र सिंह ने गुरुवार को कोंच आकर व्यवस्थाएं परखीं और कमला नेहरू बालिका इंटर कालेज में बने गए क्वारंटीन सेंटर को घनी आबादी के बाहर ले जाने की सलाह अफसरों को दी।
नोडल अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने सबसे पहले कमला नेहरू बालिका इंटर कालेज में बने क्वारंटीन सेंटर की व्यवस्थाएं देखीं। दरअसल वहां पलायित होकर आया एक भी मजदूर इस क्वारंटीन सेेंटर में नहीं मिला। बताया गया कि यहां बाहर से आने वालों की सूची बनाने के बाद थर्मल स्क्रीनिंग कर होम क्वारंटीन में किया जा रहा है। इस पर नोडल अधिकारी ने कहा कि बसों को घनी आबादी के बीच लाना ठीक नहीं है लिहाजा इसे कस्बे सेे बाहर कहीं ले जाना ही ठीक रहेगा। इसके बाद उन्होंनेे तहसील में स्थापित कोविड कंट्रोल रूम और सामुदायिक रसोई का भी निरीक्षण कर स्थानीय प्रशासन के कामकाज पर संतोष जताया। इस दौरान एसडीएम अशोक कुमार, तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा, नायब तहसीलदार संजय, कोतवाल इमरान खान आदि मौजूद रहे।