न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
करियर और पढ़ाई को लेकर चिंतित गांव सीस्ता स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को तहसील परिसर में शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इन छात्र छात्राओं ने तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम और तहसीलदार को शिकायती पत्र दिया।
शिकायती पत्र में छात्र-छात्राओं ने कहा कि उनके विद्यालय में करीब 250 से 300 छात्र छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में पहले चार शिक्षक थे, लेकिन एसडीएम को प्रार्थना पत्र देने की वजह से दो और शिक्षकों ने अपना ट्रांसफर करा लिया, जिसके कारण अब विद्यालय में दो ही शिक्षक शेष बचे हैं। शिक्षक कम होने की वजह से उनका कोर्स तक पूरा नहीं हो पा रहा। पढ़ाई में बाधा व परेशानी आ रही है। ऐसे में उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। उन्होंने बताया कि वह पूर्व में भी शिक्षकों की कमी को लेकर ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं कराया गया। एसडीएम ज्योत्स्ना बंधु और तहसीलदार टीपी सिंह ने बच्चों को समझाया और उनकी समस्या को जल्द दूर कराने के संबंध में दिशा निर्देश दिए। आक्रोश जताने वाले छात्र छात्राओं में अमित चौधरी, सचिन कुमार, चांदबाबू, गौरव, पुनीत कुमार, साहिर, सुखवीर सिंह, पंकज, गोपाल चौधरी, रविन, अंकित कुमार, नितिन, विमल कुमार, इमरान, दिनेश, मोहित, दीपू, शिवमोहन, अस्मित, ऋषि कुमार, नवीन कुमार आदि थे।