Hathras News: हड़ताल खत्म, रोडवेज कर्मी नहीं पहुंचे काम पर, मरम्मत न होने से सड़क पर नहीं उतरीं छह बसें
रोडवेज कार्यशाला के बाहर अलीगढ़ की ठेका फर्म श्री बालाजी ऑटोमोबाइल के कुल 23 कर्मी हड़ताल पर पूरे दिन बैठे रहे। ठेका फर्म द्वारा अलीगढ़ से भेजे गए कुछ कर्मी भी अपने साथियों को विरोध करता देख कार्यशाला में नहीं घुसे। इसके चलते छह बसें मरम्मत के इंतजार में खड़ी रहीं।
विस्तार
रोडवेज के हाथरस डिपो की कार्यशाला में लगातार तीसरे दिन आउटसोर्सिंग कर्मियों की हड़ताल रही। शाम को हड़ताल समाप्त होने के बाद भी कर्मी काम पर नहीं पहुंचे। इसके चलते मरम्मत न होने से छह बसें सड़क पर नहीं निकल सकीं। बसों की कमी के कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रोडवेज कार्यशाला के बाहर अलीगढ़ की ठेका फर्म श्री बालाजी ऑटोमोबाइल के कुल 23 कर्मी हड़ताल पर पूरे दिन बैठे रहे। ठेका फर्म द्वारा अलीगढ़ से भेजे गए कुछ कर्मी भी अपने साथियों को विरोध करता देख कार्यशाला में नहीं घुसे। इसके चलते छह बसें मरम्मत के इंतजार में खड़ी रहीं।
इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विशेष तौर पर सुबह के समय आगरा के लिए सड़क पर बसों की कमी रही। वहीं, शाम के समय अलीगढ़ की ओर जाने के लिए बसों का अभाव रहा। मथुरा कासगंज की ओर जाने वाली बसों की कमी पहले से ही है। जो रविवार को और अधिक गम्भीर हो गई।
काफी देर से बस के इंतजार में खड़ा हूं, लेकिन बस नहीं मिल रही। जबकि रविवार को बसों की इतनी कमी नहीं रहती। पता नहीं चल रहा है बस क्यों नहीं आ रही। डिपो से भी बस नहीं निकल रहीं। -राजू, यात्री
जरूरी काम से आगरा जाने के लिए निकाला था। लेकिन सड़क पर बसों का टोटा है। दिक्कत इस बात की भी है कि आज कांवड़ियों की भीड़ होने के कारण आगरा पहुंचने में अधिक समय लगेगा। -बबलू, यात्री