{"_id":"61f309df435e1f390952ced1","slug":"shots-fired-at-couple-for-asking-for-borrowed-money-woman-dies-husband-seriously-injured-in-hathras","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाथरस : उधारी के रुपये मांगने पर दंपती पर बरसाईं गोलियां, महिला की मौत, पति गंभीर घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाथरस : उधारी के रुपये मांगने पर दंपती पर बरसाईं गोलियां, महिला की मौत, पति गंभीर घायल
Fri, 28 Jan 2022 02:38 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 28 Jan 2022 02:38 AM IST
सार
शहर की गंगाधाम कॉलोनी में सरेशाम हुई वारदात से दहशत, घायल को गंभीर हालते में किया रेफर।
विज्ञापन
demo pic
विस्तार
कोतवाली सदर इलाके के नहरोई रजबहे के निकट स्थित गंगा धाम कॉलोनी में हमलावरों ने उधार के रुपये मांगने पर एक महिला की सरेशाम फायरिंग कर हत्या कर दी और उसके पति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत व्याप्त हो गई। इसी दौरान हमलावर वहां से हथियार लहराते हुए भाग गए। घायल युवक को उपचार के लिए गंभीर हालत में आगरा भेजा गया है। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हमलावरों की तलाश में जुट गई।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार की देर शाम को कोतवाली सदर इलाके के गांव खोड़ा हजारी निवासी पप्पू का 32 वर्षीय बेटा दिनेश अपनी 28 वर्षीय पत्नी भावना के साथ नहरोई रजबहा स्थित गंगा धाम कॉलोनी में बने अपने देवी-देवताओं के थान पर दीपक जलाने गए थे। इस बीच वहां पर आए नामजदों ने इन दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन इससे पहले ही हमलावर वहां से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत व्याप्त हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को खून में लथपथ जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां भावना को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। दिनेश को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
जानकारी मिलने के बाद इलाका पुलिस जिला अस्पताल पहुंच गई। यहां पर पहुंची सीओ सदर रुचि गुप्ता ने परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया और पूछताछ की। दिनेश के पिता पप्पू ने बताया कि आरोपियों ने उनके बेटे से करीब आठ दिन पहले साढ़े छह लाख रुपये उधार लिए थे। जिनके बदले में आरोपी एक खेत दिलवाने की बात कह रहे थे, लेकिन न तो उन्होंने खेत दिलवाया न ही रुपये वापस किए।
इसके बाद दिनेश उनसे रुपये मांगने लगा तो आरोपी उससे रंजिश मानने लगे। बृहस्पतिवार की देर रात को दंपती को घेरकर उन पर गोलियां चला दीं। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।