होमगार्ड भर्ती परीक्षा: अंतिम दिन आसान प्रश्नपत्र देख खिले चेहरे, 12 केंद्रों पर 1874 रहे अनुपस्थित
हाथरस में सभी 12 केंद्रों पर दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुल 8832 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6958 ने परीक्षा दी, जबकि 1874 अनुपस्थित रहे।
विस्तार
हाथरस जनपद में चल रही होमगार्ड भर्ती परीक्षा के तीसरे और अंतिम दिन प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत आसान रहा। इससे अभ्यर्थियों के चेहरे खिले नजर आए। पिछले दो दिनों तक कठिन प्रश्नपत्र आने से परेशान रहे परीक्षार्थियों को अंतिम दिन राहत मिली।
27 अप्रैल को जिले के सभी 12 केंद्रों पर दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुल 8832 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 6958 ने परीक्षा दी, जबकि 1874 अनुपस्थित रहे। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि पहले दो दिनों की तुलना में अंतिम दिन का पेपर सरल था और अधिकतर प्रश्न सिलेबस के अनुरूप थे, जिससे उन्हें हल करने में आसानी हुई।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों पर पुलिस बल व मजिस्ट्रेट तैनात रहे। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर क्लॉक रूम की व्यवस्था होने से अभ्यर्थियों को अपने सामान सुरक्षित रखने में सुविधा मिली। तीनों दिनों की परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई है।
सुना था कि पेपर काफी कठिन आ रहा है, लेकिन आज ऐसा नहीं लगा कि पेपर कठिन है। तैयारी भी सही थी, शायद इसलिए पेपर सरल लगा हो सकता है। - अब्दुल, निवासी एटा
पिछले दो दिन के पेपर का रिव्यू लिया था। अंत समय पर उसी हिसाब से तैयारी की थी। पेपर सामान्य था, कुछ प्रश्न ही कठिन थे। पेपर अच्छा हुआ है। - आकाश कुमार, निवासी जलेसर।