न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए पालिका प्रशासन कीटनाशक दवा का छिड़काव करा रहा है। पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा की मौजूदगी में पालिका की टीम ने रविवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण किया और गंदगी फैलाने वालों को नियत समय में गंदगी को हटाने के लिए नोटिस दिए। टीम ने कहा कि यदि गंदगी को पशु पालकों ने नहीं हटाया तो इनके खिलाफ पालिका प्रशासन द्वारा जुर्माना वसूलते हुए बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शहर में अधिकांश डेरी संचालकों द्वारा गोबर व कूड़े को नालियों में बहा दिया जाता है। इस कारण नालियां जाम हो जाती है। पालिका अध्यक्ष ने गंदगी फैलाने वाले पशु पालकों को गंदगी न करने की हिदायत दी। नियत समय में गंदगी हटाने के लिए नोटिस दिया गया। यदि पशुपालक नोटिस की नियत अवधि में गोबर व कूड़े को नहीं हटाते हैं तो उनके खिलाफ जुर्माना वसूलते हुए कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी संजीव भार्गव, अनिल कुमार, रामबहादुर पटेल, अनिल सिंह, यशुराज आदि मौजूद थे। संवाद