{"_id":"671ebf2fa373c75af60bdd95","slug":"four-including-innocent-died-due-to-fever-woman-found-suffering-from-dengue-hathras-news-c-56-1-sali1016-122080-2024-10-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Hathras News: बुखार से मासूम सहित चार की मौत, महिला डेंगू पीड़ित मिली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Hathras News: बुखार से मासूम सहित चार की मौत, महिला डेंगू पीड़ित मिली
Mon, 28 Oct 2024 04:01 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
Updated Mon, 28 Oct 2024 04:01 AM IST
सार
इमरजेंसी में लगातार बुखार के मरीज आ रहे हैं। मरीजों को प्रशिक्षित चिकित्सकों से उपचार और परामर्श लेने की सलाह दी जा रही है। बुखार से पीड़ित लोगों के खून की जांच कराई जा रही है।
विज्ञापन
डेंगू का कहर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हाथरस जिले में बुखार के बीच डेंगू और मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। 27 अक्तूबर को बुखार से 10 दिन के मासूम सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला डेंगू पीड़ित मिली है। जिले में अब तक कुल 37 लोग डेंगू और 12 मलेरिया पीड़ित मिल चुके हैं। रविवार को भी बागला जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 15 बुखार पीड़ित पहुंचे।
विज्ञापन
शहर की आवास-विकास कॉलोनी निवासी 57 वर्षीय राकेश गुप्ता को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। इधर, शहर के विजयनगर निवासी 62 वर्षीय अशोक कुमार को भी पिछले 15 दिनों से बुखार आ रहा था। दोनों को अचेत अवस्था में बागला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहर के श्याम नगर निवासी विपिन के 10 दिन के मासूम बेटे को बुखार आ रहा था। तबीयत बिगड़ने पर वह मासूम को उपचार के लिए बागला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव झींगुरा में बुखार के कारण एक महिला की मौत हो गई। रविवार को गांव झींगुरा निवासी 45 वर्षीय डौली की दिल्ली के सफदरगंज हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। डौली पत्नी बॉबी दो दिन पूर्व बीमार हुई थीं। परिजन उन्हें इलाज के लिए हाथरस लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने उनको अलीगढ़ रेफर कर दिया। वहां हालत बिगड़ने पर शनिवार को उनको दिल्ली रेफर कर दिया गया। रविवार को दिल्ली के सफदरगंज हॉस्पिटल में डौली ने दम तोड़ दिया। डौली की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। डौली के पति बॉबी अलीगढ़ के स्वामी विवेकानंद कॉलेज में नौकरी करते हैं।
विज्ञापन
इधर, सहपऊ क्षेेत्र के गांव बहादुरपुर देवकरन निवासी शांति देवी पत्नी राजवीर सिंह को पिछले 10 दिनों से बुखार आ रहा है। उनका बुखार ठीक होने का नाम नहीं ले रहा है। परिजन उन्हें उपचार के लिए आगरा ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें डेंगू पीड़ित बताया है। वहां उनका उपचार चल रहा है। इस तरह जिले में डेंगू पीड़ित लोगों की संख्या 37 हो गई है।
इमरजेंसी में लगातार बुखार के मरीज आ रहे हैं। मरीजों को प्रशिक्षित चिकित्सकों से उपचार और परामर्श लेने की सलाह दी जा रही है। बुखार से पीड़ित लोगों के खून की जांच कराई जा रही है।-डाॅ. सूर्यप्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक।