Hathras Murder: रात में शराब पीकर आया पिता, चारपाई पर सोए बेटे को फावड़े से काट कर उतारा मौत के घाट
घर में सत्यवीर ही कमाने वाला था। पिता कोमल सिंह कोई काम नहीं करते। सत्यवीर पर तीन बेटी हैं, जिसमें बड़ी की उम्र दस वर्ष है। पिता के जाने से बेटियों के पालन-पोषण पर संकट खड़ा हो गया है।
विस्तार
सिकंदराराऊ के गांव वाजिदपुर में मंगलवार शाम शराब के नशे में पिता कोमल सिंह ने बेटे सत्यवीर(30) को लाठी से पीट-पीटकर मार डाला और भाग गया। मृतक की पत्नी ने ससुर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी पिता की तलाश में जुटी है।
वाजिदपुर निवासी सत्यवीर मेहनत मजूदरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी कविता के अलावा तीन बच्चे हैं। पिता कोमल सिंह व मां भी इनके साथ ही रहते हैं। सत्यवीर का छोटा भाई प्रदीप पंजाब काम करता है। पुलिस के अनुसार सत्यवीर रोजाना की तरह मंगलवार को मजदूरी से लौटकर शाम छह बजे घर पहुंचे। करीब साढ़े छह बजे वह चारपाई पर लेटे हुए थे, तभी पिता कोमल सिंह शराब के नशे में घर पहुंचा और चारपाई पर लेटे सत्यवीर को गालियां देने लगा। रुपये को लेकर भी पिता-पुत्र में कुछ विवाद हुआ और कहासुनी बढ़ती गई।
हल्ला होने पर मां संतोष देवी ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन फिर वे बाहर चली गईं। इसी बीच पिता ने लाठी उठा बेटे को पीटना शुरू कर दिया, और उसकी छाती पर डंडे से कई वार किए।छाती पर डंडे पड़ते ही सत्यवीर निढाल होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद पिता घर से भाग गया। पत्नी कविता आस-पड़ोसियों की मदद से पति को लेकर सीएचसी पर पहुंची, जहां सत्यवीर को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। युवक की मां, पत्नी व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल था। कविता ने ससुर कोमल सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आपसी कहासुनी में शराब के नशे में यह घटना हुई है। पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी पिता की तलाश की जा रही है।-चिरंजीवनाथ सिन्हा, एसपी
तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रिश्तेदार पप्पू सिंह ने बताया कि घर में सत्यवीर ही कमाने वाला था। पिता कोमल सिंह कोई काम नहीं करते। सत्यवीर पर तीन बेटी हैं, जिसमें बड़ी की उम्र दस वर्ष है। पिता के जाने से बेटियों के पालन-पोषण पर संकट खड़ा हो गया है। परिवार के पास मात्र दो बीघा जमीन है, जिससे गुजारा नहीं होता। इस कारण सत्यवीर मजदूरी करता था। बेटियों को देखकर पत्नी कविता बार-बार फफक कर रो पड़ती है। बड़े बेटे के जाने से मां संतोष देवी का बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद शाम को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
शॉक एंड हेमरेज से हुई मौत
मृतक सत्यवीर के सीने पर डंडे से कई बार प्रहार किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार शॉक एंड हेमरेज के कारण उसकी मौत हुई। अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव व दिल व दिमाग तक पर्याप्त ऑक्सीजन न पहुंचने के कारण उसकी मौत हो गई।