{"_id":"6ac51d4207f48f3e1802da5c","slug":"father-dies-of-heart-attack-in-hathras-bank-2026-10-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"चिंता बन गई चिता: बेटी की शादी के लिए लोन लेने गए पिता, अचानक बिगड़ी तबीयत, बैंक में हार्ट अटैक से हुई मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चिंता बन गई चिता: बेटी की शादी के लिए लोन लेने गए पिता, अचानक बिगड़ी तबीयत, बैंक में हार्ट अटैक से हुई मौत
Tue, 06 Oct 2026 09:40 PM IST
Chaman Kumar Sharma
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
Published by: Chaman Kumar Sharma
Updated Tue, 06 Oct 2026 09:40 PM IST
सार
किशनपाल केनरा बैंक शाखा पहुंचे थे। यहां लोन की प्रक्रिया की जानकारी लेने के बाद उन्होंने पे-स्लिप निकलवाई थी। ड्यूटी के बाद दोपहर करीब एक बजे वे लोन का फाॅर्म भरने के लिए शाखा पहुंचे। काउंटर से फाॅर्म लिया और बैंच पर बैठ गए( अचानक उन्हें घबराहट होने लगी। बेचैनी व पसीने आने के बाद वे फर्श पर मुंह के बल गिर गए।
विज्ञापन
मृतक सफाई कर्मचारी किशनपाल, विलाप करती बेटी और परिजन
- फोटो : फाइल फोटो व संवाद
विस्तार
हाथरस में कलक्ट्रेट स्थित केनरा बैंक शाखा में मंगलवार की दोपहर सफाई कर्मचारी किशनपाल (48) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। किशनपाल बेटी की शादी के लिए लोन लेने बैंक पहुंचे थे। फाॅर्म लेते ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। अचेत होने पर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
फिरोजाबाद के गांव नगला गुमानी (थाना नारखी) निवासी किशनपाल की हसायन ब्लॉक की ग्राम पंचायत भिंतर में सफाई कर्मचारी के रूप में तैनाती थी। परिवार में पत्नी, दो बेटे व सबसे छोटी बेटी है। किशनपाल बेटी दीक्षा की शादी की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए उन्हें लोन की आवश्यकता थी।
विज्ञापन
सोमवार को किशनपाल पत्नी सुषमा के साथ कलक्ट्रेट स्थित केनरा बैंक शाखा पहुंचे थे। यहां लोन की प्रक्रिया की जानकारी लेने के बाद उन्होंने पे-स्लिप निकलवाई थी। मंगलवार को ड्यूटी के बाद दोपहर करीब एक बजे वे लोन का फाॅर्म भरने के लिए शाखा पहुंचे। यहां करीब 1:30 बजे काउंटर से फाॅर्म लिया और बैंच पर बैठ गए।
विज्ञापन
अचानक उन्हें घबराहट होने लगी। बेचैनी व पसीने आने के बाद वे फर्श पर मुंह के बल गिर गए। इस दौरान शाखा में अफरा-तफरी मच गई। साथी सफाई कर्मचारी ने कलक्ट्रेट पर मौजूद कर्मियों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। जानकारी पर सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
इधर, मृतक की पत्नी सुषमा व बच्चे भी यहां आ गए। शव देखने के बाद सुषमा, छोटे बेटे प्रिंस व बेटी दीक्षा का रो-रो कर बुरा हाल था। साथ आए रिश्तेदारों ने तीनों को संभालने का प्रयास किया। पति को खोने के बाद सुषमा बदहवास थीं। बेटी भी पिता से सुबह हुई आखिरी मुलाकात को याद कर रोए जा रही थी। एएसपी रामानंद कुशवाहा ने बताया कि सफाई कर्मचारी की मौत की सूचना मिली थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होगी। चिकित्सक हार्ट अटैक की आशंका जता रहे हैं।